जनगणना: 22 मई से 20 जून तक बनेगी मकानों की सूची
मैनपुरी। आगामी जनगणना के प्रथम चरण को सफल बनाने के लिए सुदिति ग्लोबल एकेडमी में प्रगणकों और सुपरवाइजरों के लिए विशेष प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए डीएम एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है। इसमें शामिल होना हर कार्मिक के लिए गर्व की बात है, क्योंकि यह राष्ट्र निर्माण में प्रत्यक्ष योगदान देने का अवसर है।
डीएम ने कार्मिकों को निर्देशित किया कि वे स्वयं को इस प्रक्रिया का अभिन्न अंग समझें और पूरी ईमानदारी से कर्तव्यों का निर्वहन करें। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि प्रशिक्षण के दौरान दी गई सामग्री और बुकलेट का गहन अध्ययन करें। यदि कार्य को लेकर कोई भी शंका हो, तो फील्ड ट्रेनर से तत्काल पूछें। उन्होंने स्पष्ट किया कि सीखने में संकोच भविष्य में त्रुटियों का कारण बन सकता है। प्रथम चरण की अवधि 22 मई से 20 जून तक घर-घर जाकर मकानों का सूचीकरण किया जाएगा। प्रत्येक गणनाकर्मी को निर्धारित अवधि में लगभग 150-180 मकानों का सर्वे करना होगा। डीएम ने सलाह दी कि अंतिम समय की जल्दबाजी और तनाव
से बचने के लिए पहले दिन से ही प्रतिदिन का लक्ष्य निर्धारित कर वैज्ञानिक तरीके से कार्य करें। उन्होंने बताया कि प्रथम चरण (मकान सूचीकरण) की सफलता पर ही द्वितीय चरण (जनसंख्या गणना) की सुगमता निर्भर करती है
इस मौके पर ये रहे मौजूद
एडीएम श्यामलता आनंद, जिला प्रभारी जनगणना शैल्जा त्रिवेदी, एसडीएम सदर अभिषेक कुमार, डिप्टी कलेक्टर शिव नरेश, तहसीलदार हेरेंश कर्दम, नाजिर रोहित दुबे, फील्ड ट्रेनर के रूप में तैनात अधिकारियों के अलावा विद्यालय के प्रबंध निदेशक डा. राम मोहन, डा. कुसुम मोहन आदि।

