फर्जी प्रमाणपत्र पर नियुक्त सहायक प्राध्यापक हटाए गए
फर्जी अनुभव प्रमाणपत्र देकर सहायक प्राध्यापक बने विवेक कुमार को पटना विश्वविद्यालय ने तत्काल प्रभाव से हटा दिया है। इनके वेतन भुगतान को विधिसम्मत निर्णय तक स्थगित रखने के लिए उच्च शिक्षा विभाग को पत्र लिखा है।
कुलसचिव शालिनी के मुताबिक, विवेक कुमार की नियुक्ति भूगोल विभाग में सहायक प्राध्यापक के तौर पर हुई थी। विवेक कुमार के अनुभव प्रमाणपत्र की प्रमाणिकता की जांच के लिए दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के कुलसचिवको भेजा गया था, लेकिन संबंधित विश्वविद्यालय ने उनके अनुभव प्रमाणपत्र को फर्जी बताया।
संबंधित कॉलेज में भूगोल विषय की नहीं होती थी पढ़ाई
■पीयू प्रशासन ने कार्रवाई को उच्च शिक्षा विभाग को पत्र लिखा
■दीनदयाल उपाध्याय विवि ने अनुभव प्रमाणपत्र को बताया फर्जी
विवेक कुमार ने पंडित श्री कृष्ण उपाध्याय महाविद्यालय रूद्रपुर देवरिया का अनुभव प्रमाणपत्र जमा किया था। जांच में पता चला कि संबंधित कॉलेज में भूगोल विषय की पढ़ाई नहीं होती है। कॉलेज के लेटर पैड का दुरुपयोग कर फर्जी अनुभव प्रमाणपत्र तैयार किया गया है। इसके बाद पीयू प्रशासन ने उन्हें तत्काल प्रभाव से हटाने का निर्णय लिया है। जांच रिपोर्ट की कॉपी लोकभवन के साथ उच्च शिक्षा निदेशक को भेज दी गई है।

