'प्रशिक्षण में हर जानकारी को गंभीरता से समझें गणनाकर्मी'
बहराइचः जिले में जनगणना की तैयारियों के तहत प्रगणकों और सुपरवाइजरों का प्रशिक्षण गुरुवार से शुरू हो गया है। कैसरगंज, महसी, नानपारा, मिहींपुरवा आदि तहसील में इस महत्वपूर्ण कार्य का शुभारंभ हो गया है। कर्मचारी तीन दिनों तक प्रशिक्षण लेंगे। प्रशिक्षण कार्य 30 अप्रैल तक चलेगा।
प्रशिक्षण का उद्देश्य आगामी डिजिटल जनगणना के लिए कर्मियों को तैयार करना है। इस बार जनगणना पूरी तरह से डिजिटल माध्यम से की जाएगी, जिसमें प्रगणक घर-घर जाकर एक विशेष एप के जरिए जानकारी एकत्र करेंगे। पहले चरण में मकानों को सूचीबद्ध करने का कार्य किया जाएगा।
कैसरगंजः एपेक्स इंटरनेशनल स्कूल में शुरू हुए प्रशिक्षण के पहले दिन प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों को जनगणना की प्रक्रिया, तकनीकी प्रबंधन और डाटा गुणवत्ता से जुड़े पहलुओं की जानकारी दी गई।
जनगणना को लेकर तहसील स्तर पर तीन दिवसीय प्रशिक्षण शुरू
गणना कर्मी और सुपरवाइजर हुए शामिल
उपजिलाधिकारी अखिलेश कुमार सिंह ने कहा कि आप सभी के घर तक पहुंचकर सही और सटीक डाटा संकलित करें। तहसीलदार मीना गोड़ ने कहा कि हर जानकारी को गंभीरता से समझें और फील्ड में उसका सही क्रियान्वयन करें। नायब तहसीलदार सचिन श्रीवास्तव ने कहा कि एप का सही उपयोग, डाटा का सुरक्षित संग्रहण करें। कर्मियों को दस्तावेज सत्यापन, एचएलओ एप सेटअप एवं सुरक्षा, भवन क्रमांकन एवं चिन्हांकन, एप पर डाटा संग्रह, स्वः गणना सत्यापन जैसे बिंदुओं पर जानकारी दी गई। नानपाराः सेठ आनंद राम जयपुरिया में प्रशिक्षण कार्यक्रम के पहले दिन 490 प्रगणकों को प्रशिक्षण दिया गया।

