स्कूलों के जर्जर भवन, जलभराव और सफाई की निगरानी करेंगे 12 अधिकारी
लखनऊ, कासं। डीएम विशाख जी ने प्राइमरी स्कूलों की जर्जर भवन, छतें व दरकी दीवारें और बारिश में कक्षाओं से टपकता पानी, जल भराव से निजात दिलाने के लिये 12 नोडल अधिकारी तैनात किये हैं। ये अधिकारी ग्रामीण क्षेत्र के आठ ब्लॉक और नगर के चार जोन में संचालित स्कूलों की निगरानी व्यवस्था देखेंगे।
ये अधिकारी खंड शिक्षा अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर स्कूलों का निरीक्षण करेंगे। स्कूलों में बारिश का पानी निकालेंगे और सफाई सुनिश्चित कराएंगे। जर्जर कक्षाओं, शौचालय, भोजन कक्षा की मरम्मत समेत दूसरे कायाकल्प से जुड़ी खामियों को दुरुस्त करवाएंगे। ‘हिन्दुस्तान’ में 15 अगस्त के अंक में कक्षा में छत से टपक रहा पानी प्लास्टर भी छड़ रहा और 18 अगस्त के अंक में स्कूल जलमग्न, कीचड़ से होकर कक्षा में जा रहे छात्र शीर्षक से प्रकाशित खबर का डीएम विशाख जी ने संज्ञान लिया। डीएम के निर्देश पर मंगलवार को कलेक्ट्रेट में रखी गई बैठक में आदेश जारी किया। अधिकारियों ने बीएसए विपिन कुमार और डीआईओएस देवेन्द्र कुमार पाण्डेय से पूरी जानकारी ली।
अधिकारी स्कूल जाकर करेंगे जांच
नोडल अधिकारी बीईओ के साथ समन्वय कर अपने-अपने ब्लॉक व जोन के स्कूलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं देखेंगे। स्कूल में पढ़ाई की स्थिति, शिक्षकों की उपलब्धता, भवन की मरम्मत, दीवार और छत, फर्श, रंगाई-पुताई, शौचालय, पेयजल, बिजली, लाइट-पंखे, रसोईघर, फर्नीचर, ब्लैकबोर्ड/ग्रीन बोर्ड, चारदीवारी, गेट, हैंडवॉश और जल निकासी आदि व्यवस्थाएं का भौतिक सत्यापन करेंगे। स्कूल परिसर की साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण की स्थिति भी जांची जाएगी।
