शिक्षा मंत्री पर टिप्पणी करने में शिक्षक निलंबित
मुजफ्फरपुर, प्रमुख संवाददाता शिक्षा मंत्री के खिलाफ सोशल मीडिया पर राजनीतिक टिप्पणी करने वाले शिक्षक राजेश कुमार को निलंबित कर दिया गया है। मोतीपुर के उत्क्रमित मध्य विद्यालय साढा कन्या के शिक्षक पर सोशल मीडिया पर शिक्षा मंत्री के खिलाफ राजनीतिक टिप्पणी करने का आरोप था। इस मामले में शिक्षक से स्पष्टीकरण भी मांगा गया।
शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई
डीईओ कुमार अरविंद सिन्हा ने कहा कि राजेश कुमार विशिष्ट शिक्षक हैं। इनके द्वारा सोशल मीडिया पर शिक्षा मंत्री, बिहार सरकार के संबंध में किये गए राजनीतिक टिप्पणी के क्रम में सोमवार को स्पष्टीकरण मांगा गया था। उनके द्वारा बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री के विरूद्ध राजनीतिक एवं अमर्यादित टिप्पणी करना, स्वेच्छाचारिता बरतना एवं बिहार सरकारी सेवक आचार नियमावली का उल्लंघन किया गया। प्रथम दृष्टा प्रमाणित आरोप में शिक्षक को निलंबित करते हुए विभागीय कार्यवाही के अधीन किया जाता है। इस दौरान उनका निलंबन मुख्यालय बीईओ कार्यालय, मोतीपुर निर्धारित किया जाता है। नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा। आरोप पत्र प्रपत्र 'क' अलग से जारी किया जायेगा।
सोशल मीडिया पर टिप्पणियाँ
सरप्लस शिक्षकों की नियुक्ति मामले में की थी टिप्पणी शिक्षक राजेश कुमार ने सरप्लस शिक्षकों की नियुक्ति मामले में सोशल मीडिया पर टिप्पणी की थी। डीईओ ने कहा कि सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी रहेगी शिक्षकों के गलत बयानी और टिप्पणी पर कड़ी कार्रवाई होगी।
