Primary Ka Master Latest Updates👇

Tuesday, August 11, 2026

लालकिले से पहली बार वंदे मातरम गाया जाएगा

 लालकिले से पहली बार वंदे मातरम गाया जाएगा

नई दिल्ली, । 80वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर 15 अगस्त को लालकिले की प्राचीर से पहली बार राष्ट्रगीत वंदे मातरम का गायन होगा। वंदे मातरम के 150 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में यह शुरुआत की जा रही है।






रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह ने सोमवार को बताया कि राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम के 150 साल पूरे हो रहे हैं। इसकी यादगार विरासत के सम्मान में इसे लालकिले की प्राचीर से गाया जाएगा। भारतीय वायुसेना के एमआई-17 हेलीकाप्टर वंदे मातरम के 150 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में एक बैनर लेकर उड़ान भरेगा और लोगों पर फूल बरसाएगा। सिंह ने बताया कि इस बार समारोह युवा शक्ति को समर्पित रहेगा। इस दौरान युवाओं की सफलताओं को प्रदर्शित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस समारोह में युवाओं की सफलता और योगदान के जश्न मनाने की योजना पिछले महीने छात्र आंदोलन के पहले ही तैयार हो चुकी थी।




ध्वजारोहण के साथ राष्ट्रगीत भी होगा


नई दिल्ली। लालकिले पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम के नए क्रम के बारे में बताते हुए रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जब लालकिले की प्राचीर पर आएंगे, तो राष्ट्रगीत बजाया जाएगा। इस दौरान सभी लोग खड़े रहेंगे।






पीएम के ध्वजारोहण करने के साथ राष्ट्रगान बजाया जाएगा। इसके बाद वे राष्ट्र को संबोधित करेंगे। उन्होंने बताया कि लालकिले पर इस बार फूलों की सजावट में भी वन्दे मातरम की झलक दिखेगी। एनसीसी के 2500 कैडेट्स तथा माई भारत के स्वयंसेवक लालकिले की प्रचीर के सामने ज्ञानपथ पर वन्दे मातरम की आकृति बनाएंगे। सिंह ने कहा कि समारोह में अलग-अलग क्षेत्रों में युवाओं की सफलता को सराहा जाएगा। इंटरनेशनल फिजिक्स, केमिस्ट्री, बायोलॉजी और मैथमैटिक्स ओलंपियाड 2026 में मेडल जीतने वाले 19 छात्रों की उपलब्धियां विज्ञान के क्षेत्र में युवा शक्ति की सफलता का एक उदाहरण हैं। ये युवा प्राचीर पर बैठेंगे।




बैकग्राउंड में लगे कट-आउट्स परमाणु और अंतरिक्ष टेक्नोलॉजी में भारत की प्रगति को दिखाएंगे, जबकि ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ क्षेत्र में फूलों की सजावट ‘विकसित भारत 2047’ की ओर भारत की यात्रा को दर्शाएगी।




इस मौके पर 5000 विशिष्ट अतिथियों को भी आमंत्रित किया गया है जिनमें ज्यादातर युवा हैं। इनमें नेशनल इनोवेशन कार्यक्रम से जुड़े युवा, पीएम इंटर्नशिप योजना के चुनींदा छात्र, विभिन्न योजनाओं के तहत चयनित बेहतरीन स्टार्टअप के तहत चुने गए श्रेष्ठ युवा, माई भारत के स्वयंसेवक, नमस्ते पीएम अजय सीड के लाभार्थी, दिल्ली के सरकारी स्कूलों के विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के विजेता छात्र भी शामिल हैं।

लालकिले से पहली बार वंदे मातरम गाया जाएगा Rating: 4.5 Diposkan Oleh: UP UPDATEMART

Social media link