Primary Ka Master Latest Updates👇

Tuesday, August 11, 2026

शिक्षामित्र की बेटी को अमेरिका में मुफ्त स्नातक की पढ़ाई का मौका

शिक्षामित्र की बेटी को अमेरिका में मुफ्त स्नातक की पढ़ाई का मौका

फर्रुखाबाद। प्रतिभा किसी सुविधा की मोहताज नहीं होती। इसका उदाहरण जिले के एक शिक्षामित्र की बेटी अपूर्वा पाठक ने पेश किया है। अपूर्वा का अमेरिका के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालय में 100 प्रतिशत स्कॉलरशिप के लिए चयन हुआ है। अब वह अमेरिका में नि:शुल्क स्नातक की पढ़ाई करेगी।


सोमवंशी निवासी शिक्षामित्र मनोज पाठक की बेटी अपूर्वा ने अपनी पढ़ाई गांव के प्राथमिक विद्यालय से शुरू की। इसके बाद उन्होंने बुलंदशहर के सिकंदराबाद स्थित विद्याज्ञान स्कूल (एचसीएल शिव नाडार फाउंडेशन) से शिक्षा प्राप्त की। सीबीएसई हाईस्कूल में उन्होंने 97 प्रतिशत और कक्षा 12 में 98.6 प्रतिशत अंक हासिल कर शानदार प्रदर्शन किया।


अमेरिका में हासिल करेगी डबल डिग्री

अपूर्वा का अमेरिका के वेलेस्ली कॉलेज, बोस्टन, मैसाचुसेट्स में अर्थशास्त्र और राजनीति विज्ञान में डबल डिग्री के लिए चयन हुआ है। इसके लिए उन्होंने ऑनलाइन परीक्षा दी थी और 100 प्रतिशत छात्रवृत्ति पर दाखिले के लिए चयनित हुईं।


अपूर्वा इससे पहले वर्ष 2023-24 में एक्सचेंज स्टूडेंट के रूप में एक वर्ष अमेरिका में रहकर पढ़ाई कर चुकी हैं। वर्ष 2023 में उन्होंने इसरो के 15 दिवसीय युवा वैज्ञानिक कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया था।


इसके अलावा अशोका विश्वविद्यालय, सोनीपत के अशोका युवा स्कॉलरशिप कार्यक्रम में भी वह हिस्सा बन चुकी हैं। मुंबई में आयोजित आईआईएमयूएन कार्यक्रम में भी उन्होंने भाग लिया था।


2031 तक का वीजा भी बना

शिक्षामित्र मनोज पाठक ने बताया कि विज्ञान स्कूल से ही उनकी बेटी अपूर्वा का 2031 तक का अमेरिका का वीजा बन चुका है। अब 15 अगस्त को वह विज्ञान स्कूल से अमेरिका के लिए रवाना होंगी।


अपूर्वा की इस उपलब्धि से परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल है। उन्होंने गांव के प्राथमिक विद्यालय से पढ़ाई शुरू कर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने की दिशा में बड़ी उपलब्धि हासिल की है

शिक्षामित्र की बेटी को अमेरिका में मुफ्त स्नातक की पढ़ाई का मौका Rating: 4.5 Diposkan Oleh: UP UPDATEMART

Social media link