दस अगस्त को हुए हमले में घायल शिक्षक की मौत
Lalitpur स्कूल से घर लौटते समय रास्ते में हुए हमले में गंभीर घायल शिक्षक की इलाज के दौरान झांसी में मौत हो गई। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
कोतवाली सदर अंतर्गत ग्राम झरकौन निवासी 30 वर्षीय अभय लोधी ग्राम कचनौंदा कला स्थित स्कूल में शिक्षक हैं। सोमवार की दोपहर वह अपनी कक्षा दो में पढ़ने वाली छह वर्षीय बेटी भाग्यश्री और साथी शिक्षक के साथ स्कूटी से घर लौट रहे थे। अभी वह लोग ग्राम खोखर के पास पहुंचे थे। तभी पिकअप सवार लोगों ने उनकी स्कूटी में टक्कर मारकर गिरा दिया था। आरोपियों ने शिक्षक पर लाठी डंडों और पत्थर से हमला कर दिया था। इतना ही नहीं उसके सिर पर पत्थर पटक दिया था। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों को मौके पर आता देख हमलावर वहां से फरार हो गए थे। गंभीर घायल शिक्षक अभय को मेडिकल काॅलेज पहुंचाया गया था। यहां चिकित्सक ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए झांसी रिफर कर दिया था। झांसी में इलाज के दौरान अभय की मौत हो गई। सीओ सदर अजय कुमार ने बताया कि घायल अभय सिंह की झांसी में इलाज के दौरान मौत हो गई है। घटना की जांच में यह तथ्य प्रकाश में आए है कि दोनों पक्ष आपस में रिश्तेदार है। अभय सिंह के साथ उसके जीजा के पारिवारवालों ने मारपीट की घटना की है। आरोपियों के खिलाफ दर्ज मुकदमे में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

