शिक्षिका हत्याकांड में पति का कोर्ट में सरेंडर
केहाट थाना क्षेत्र के रेणुनगर में शिक्षिका शालिनी कुमारी की गोली मारकर हत्या के मामले में फरार चल रहे पति राजकुमार यादव ने पुलिस की लगातार दबिश के बाद न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। घटना के पांच दिन बाद आरोपी के सरेंडर से पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बीते 9 अगस्त को घरेलू विवाद के दौरान राजकुमार ने पत्नी शालिनी को गोली मार दी थी, जिससे उनकी मौत हो गई थी। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था। मृतका के भाई के आवेदन पर केहाट थाना में हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई थी। एसडीपीओ-1 अभिनव परासर और तकनीकी शाखा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर लगातार छापेमारी की जा रही थी। थानाध्यक्ष पुनि जयशंकर प्रसाद ने बताया कि आरोपी को रिमांड पर लेकर हत्या के कारण समेत अन्य पहलुओं पर पूछताछ की जाएगी।

