नेट के तीन विषयों की परीक्षा दोबारा होगी
नई दिल्ली, एजेंसी। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने रविवार को जून में आयोजित यूजीसी-नेट 2026 के तीन विषयों अंग्रेजी, कॉमर्स और समाजशास्त्र की परीक्षा दोबारा कराने की घोषणा की। एनटीए ने इन विषयों के प्रश्नपत्रों में त्रुटियों की शिकायत मिलने के बाद यह फैसला लिया है।
एनटीए ने यूजीसी-नेट का आयोजन 22 से 30 जून के बीच कराया था। 87 विषयों में यह परीक्षा कराई गई थी। यह परीक्षा जूनियर रिसर्च फेलोशिप (जेआरएफ), सहायक प्रोफेसर पद के लिए पात्रता और पीएचडी कार्यक्रमों में प्रवेश के लिए आयोजित की जाती है। परीक्षा के बाद अंग्रेजी, कॉमर्स और समाजशास्त्र के प्रश्नपत्रों में कई गलतियों को लेकर अभ्यर्थियों ने शिकायतें दर्ज कराई थीं।
इससे पहले दिन में एनटीए ने यूजीसी-नेट जून 2026 परीक्षा के 87 में से 84 विषयों के लिए अंतरिम आंसर-की जारी की थी। अंग्रेजी, कॉमर्स और समाजशास्त्र की आंसर-की जारी नहीं की गई थी। आंसर-की पर 18 अगस्त तक आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। एजेंसी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में आंसर-की जारी करने की जानकारी साझा की थी।

