नौ जिलों में बारिश से आफत, लखनऊ समेत यूपी के कई जिलों में आज भी भारी वर्षा का अलर्ट
लखनऊ , यूपी के ऊपर से गुजर रही मानसूनी ट्रफ लाइन और चक्रवाती हवा की परिस्थितियों की वजह से बीते 24 घंटों के दौरान लखनऊ, लखीमपुर खीरी समेत नौ जिलों में बहुत भारी वर्षा दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार परिस्थितियां तेज बारिश की और ज्यादा बनती जा रही हैं। ऐसे में 13 जिलों के लिए भारी बारिश का ऑरेन्ज अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने अमेठी, बहराइच, बाराबंकी, बरेली, कानपुर नगर, लखीमपुर खीरी, मुरादाबाद, पीलीभीत, प्रतापगढ़, रायबरेली, रामपुर, सीतापुर, श्रावस्ती एवं आसपास के क्षेत्रों में अत्यधिक भारी बारिश होने का पूर्वानुमान जारी कर दिया है। वहीं बीते 24 घंटों के दौरान लखनऊ के अलीगंज में 100 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। लखीमपुर खीरी के निघासन में 192.4, हमीरपुर के राठ में 158, बहराइच के महसी में 114, श्रावस्ती के काकरधारी घाट में 85.6, संभल के चंदौसी में 84.5, शाहजहांपुर के पुवायां में 80.2, सीतापुर के भपुरवाघाट में 70.6 मिलीमीटर वर्षा हुई। करीब तीन दर्जन शहरों में हल्की से सामान्य वर्षा हुई है।

