ऑनलाइन गेमिंग के नाम पर 100 करोड़ की ठगी
पीलीभीत। जहानाबाद थाना पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने ऑनलाइन गेमिंग ऐप और फर्जी इन्वेस्टमेंट प्लान के जरिए देश के विभिन्न राज्यों में साइबर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। उनके पास से लैपटॉप, मोबाइल और कई फर्जी बैंकिंग दस्तावेज बरामद हुए हैं। अब तक 100 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि की ठगी की पुष्टि हुई है।
जहानाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम गौनेरी निवासी दानिश अंसारी ने 18 जुलाई को मुकदमा दर्ज कराया था। जिसमें कहा गया था कि दो सगे भाइयों मोबिन व मोहसिन ने उसे और कस्बे के अन्य लोगों को सरकारी योजनाओं के तहत लाभ दिलाने और 10 हजार रुपये इनाम देने का लालच देकर बैंक खाते खुलवाए थे। आरोपियों ने उनके एटीएम कार्ड, पैन, आधार कार्ड और सिम कार्ड अपने पास रख लिए।

