Primary Ka Master Latest Updates👇

Monday, September 14, 2026

38,05,377 ने पास की TET, पद विज्ञापित हुए मात्र 3,21,917

 जागरण, प्रयागराज: प्रदेश के विभिन्न जिलों में शिक्षक भर्ती को लेकर आंदोलन लगातार जारी है। प्रयागराज में भी लंबे समय से धरना और ज्ञापन का सिलसिला चल रहा है। कभी शिक्षा सेवा चयन आयोग तो कभी सचिव परीक्षा नियामक प्राधिकारी या सिविल लाइंस के धरना स्थल पर प्रतियोगी छात्रों की मांगों की गूंज सुनाई देती है। उनका कहना है कि नौकरियों के अवसर उपलब्ध कराए जाएं।



अब तक पदों का विज्ञापन कितना सीमित रहा, इसी से अनुमान लगा सकते हैं कि वर्ष 2011 में पहली बार शिक्षक पात्रता परीक्षा कराई गई। इसमें 2,70,806 अभ्यर्थी सफल हुए। यदि इस वर्ष तक की परीक्षा के आंकड़ों को जोड़ दें तो प्रदेश में कुल 38,05,377 प्रतियोगी छात्र-छात्राओं ने शिक्षक पात्रता परीक्षा उत्तीर्ण की है। 2011 से अब तक के पदों के विज्ञापन का कुल आंकड़ा देखें तो मात्र 3,21,917 पदों पर शिक्षकों की नियुक्ति के लिए आवेदन मांगे गए।


अब तक शिक्षक पात्रता परीक्षा पास करने वालों और पदों के विज्ञापन के आंकड़े को देखें तो मात्र 8.46 प्रतिशत पद विज्ञापित हुए। इनमें भी बहुत से पदों को लेकर न्यायालय में प्रकरण लंबित हैं। वर्ष 2013 में 1,02,755 अभ्यर्थियों ने टीईटी पास की। इसमें 27,882 प्राथमिक स्तर के, 74,873 उच्च प्राथमिक के अभ्यर्थी रहे। 2014 में यह संख्या 1,84,700 पहुंच गई। प्राथमिक और उच्च प्राथमिक के क्रमश: 71,331 व 1,23,369 अभ्यर्थी उत्तीर्ण हुए। 2015 में उत्तीर्ण 1,46,415 अभ्यर्थियों में प्राथमिक के 59,062 व उच्च प्राथमिक के 87,353 रहे। वर्ष 2016, 2017, 2018 और 2019 में क्रमशः 75,364, 94,311, 5,74,783 और 3,54,703 अभ्यर्थियों ने शिक्षक पात्रता परीक्षा में सफलता प्राप्त की। 2021 में यह आंकड़ा 6,60,592 रहा।


इन सब के लिए शिक्षक बनने के अवसर पर नजर दौड़एं तो वर्ष 2011 में प्राथमिक स्तर पर बेसिक शिक्षा विभाग ने 72,825 पदों का विज्ञापन जारी किया। 2012 में 9,770 पद विज्ञापित हुए। 2013 में तीन बार पदों का विज्ञापन हुआ। एक बार 10,800, दूसरी पर 10,000 तीसरी पर उर्दू के लिए 4,280 पदों के विज्ञापन आए। 2015 में 15,000, 2016 में उर्दू के 3,500 पद और सामान्य शिक्षक भर्ती के 16,448 और 12,460 पदों का विज्ञापन जारी हुआ। 2018-19 में 69,000 शिक्षक भर्ती का विज्ञापन आया। उच्च प्राथमिक विद्यालयों में विज्ञान और गणित विषय की भर्ती का विज्ञापन भी 2013 में आया। उनकी संख्या 29,334 रही।


2018 के बाद से प्रतियोगी छात्र-छात्राओं को भर्ती का इंतजार है। इसके लिए वे निरंतर आंदोलन कर रहे हैं। माना जा रहा है कि प्राथमिक शिक्षक भर्ती के करीब 60,000 पद रिक्त हैं। उधर, सचिव बेसिक शिक्षा परिषद सुरेन्द्र कुमार तिवारी का कहना है कि अभी नगर क्षेत्र के लिए 11,500 शिक्षकों की भर्ती के लिए अभियान भेजा गया है, शेष के लिए प्रक्रिया चल रही है।

38,05,377 ने पास की TET, पद विज्ञापित हुए मात्र 3,21,917 Rating: 4.5 Diposkan Oleh: Updatemarts

Social media link