स्कूल से बेंच डेस्क घर ले जाने का आरोप
प्रखंड की हरदिया पंचायत अंतर्गत सुदूरवर्ती जंगली क्षेत्र सुअरलेटी गांव के प्राथमिक विद्यालय में सरकारी संपत्ति को ठिकाने लगाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। प्रधानाध्यापिका प्रीति कुमारी पर विद्यालय के 5 जोड़ा बेंच-डेस्क को टेंपो पर लाद कर अपने घर ले जाने का आरोप लगा है।
सुअरलेटी गांव के राजेश कुमार, शंभू मांझी, संतोष मांझी, राजकुमार पासवान सहित दर्जनों ग्रामीणों ने बताया कि 5 सितंबर को शिक्षक दिवस के दिन विद्यालय बंद था। इसी दिन प्रधानाध्यापिका एक टेंपो पर 5 जोड़ा बेंच-डेस्क लाद कर ले जा रही थी। ग्रामीणों ने गांव से आगे टेंपो को रोक कर पूछताछ की तो प्रधानाध्यापिका ने कहा कि हरदिया के दूसरे विद्यालय में जरूरत है, इसलिए ले जा रही हूं। ग्रामीणों को शक है कि इसे बाजार में बेचने की तैयारी थी। बताया गया कि इस विद्यालय में प्रधानाध्यापिका के अलावा दो सहायक शिक्षिका पदस्थापित हैं और 220 से अधिक बच्चों का नामांकन है। एक कमरा पहले से ही बेंच डेस्क से भरा पड़ा है। विरोध के बाद प्रधानाध्यापिका ने बेंच डेस्क वापस विद्यालय तो पहुंचा दिया, लेकिन गुस्से में आकर प्लाई खोल कर लोहे का फ्रेम विद्यालय प्रांगण में फेंक दिया, जो अब खुले में पड़ा जंग खा रहा है। वहीं इस संबंध में प्रधानाध्यापिका प्रीति कुमारी ने सभी आरोपों को निराधार बताया। मामले पर बीडीओ संजीव झा ने कहा कि मामला संज्ञान में आया है। जांच करा कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

