यूपीटीईटी के परिणाम पर मिली सवा लाख आपत्तियां
प्रयागराज, उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग को पांच साल बाद पहली बार आयोजित उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी) 2026 के परिणाम पर लगभग सवा लाख आपत्तियां मिली हैं।
26 अगस्त को परिणाम घोषित होने के बाद असफल हजारों अभ्यर्थी ई-मेल, पंजीकृत डाक और स्वयं आयोग पर उपस्थित होकर आपत्ति करने लगे। अधिकांश अभ्यर्थियों ने ओएमआर शीट का गोला न भरने के कारण परिणाम रिजेक्ट होने पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का अनुरोध किया है। वहीं बड़ी संख्या में उन अभ्यर्थियों ने प्रत्यावेदन दिया है जो नॉर्मलाइजेशन लगने के बाद एक-दो अंक या एक से भी कम अंक से फेल हो गए हैं। इस पर आयोग ने प्रत्यावेदनों के निराकरण के लिए पांच सदस्यीय समिति गठित करते हुए अभ्यर्थियों से दस सितंबर तक केवल ऑनलाइन आपत्तियां मांगी थीं।
चयन आयोग के पीआरओ डॉ. संजय कुमार सिंह के अनुसार दस सितंबर तक प्राप्त आपत्तियों का ही निराकरण किया जाएगा।

