मार्च तक शुरू हो जाएगा बाधा मुक्त टोल : गडकरी
नई दिल्ली, एजेंसी। राष्ट्रीय राजमार्गों पर वाहन चालकों को जल्द टोल प्लाजा पर रुककर भुगतान नहीं करना पड़ेगा। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने शुक्रवार को कहा कि सरकार मार्च से देश में बैरियर-फ्री टोल व्यवस्था शुरू करने की तैयारी कर रही है। इसके लिए फास्टैग को गाड़ियों की नंबर प्लेट पहचानने वाली तकनीक के साथ जोड़ने पर काम किया जा रहा है।
‘ग्लोबल फिनटेक फेस्ट 2026’ में गडकरी ने कहा कि प्रस्तावित प्रणाली में फास्टैग और नंबर प्लेट, दोनों से वाहन की पहचान होगी और शुल्क वसूला जाएगा। इससे टोल प्लाजा पर रुकने की जरूरत खत्म होने की उम्मीद है। नई व्यवस्था से टोल संग्रह में सालाना 10,000 करोड़ रुपये की वद्धि हो सकती है। इस मौके पर गडकरी ने ‘वनटैग’ सुविधा भी शुरू की। इससे उपयोगकर्ता बिना नया टैग खरीदे और बिना पुराना टैग हटाए बैंक बदल सकेंगे। इससे वाहन मालिकों को अतिरिक्त टैग लेने की जरूरत खत्म होने की उम्मीद है।

