डाक नहीं, एटीएम से सीधे मिलेगा आपका डेबिट कार्ड
नई दिल्ली, एजेंसी। डेबिट कार्ड लेने के लिए बैंक शाखा जाने या डाक से कार्ड आने का इंतजार करने की जरूरत खत्म हो जाएगी। वित्तीय सेवा विभाग एटीएम के जरिए तुरंत डेबिट कार्ड जारी करने की सुविधा चुनिंदा एटीएम में शुरू करने जा रहा है।
अब तक नया खाता खुलने, कार्ड खोने, खराब होने या बंद होने के बाद नया कार्ड पाने में सामान्य तौर पर 7 से 10 कार्यदिवस लगते थे। दूर के इलाकों में दो सप्ताह से भी अधिक समय लग सकता था। नई व्यवस्था में आधुनिक तकनीक वाले 10 हजार एटीएम में विशेष कार्ड जारी करने की व्यवस्था होगी। ग्राहक पंजीकृत मोबाइल नंबर, ओटीपी और बायोमेट्रिक या यूपीआई सत्यापन से कार्ड के लिए अनुरोध कर सकेगा। सत्यापन होने के बाद मशीन से कार्ड जारी होगा। वहीं नया पिन बनाकर कार्ड चालू किया जा सकेगा। इस सुविधा को 2026 के अंत तक सरकारी और निजी बैंकों में लागू किया जाएगा।
