औरंगाबाद, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि । नियोजित शिक्षकों को सक्षमता परीक्षा पास करने के लिए अवसर दिया जा रहा है लेकिन शिक्षक इसमें रुचि नहीं ले रहे हैं। पहले चरण की सक्षमता परीक्षा आयोजित हो गई है वहीं दूसरी बार परीक्षा आयोजित करने को लेकर तिथि निर्धारित कर दी गई है। 26 अप्रैल से इसके लिए आवेदन शुरू हो गया है। जानकारी के अनुसार औरंगाबाद जिले में पहली बार सक्षमता परीक्षा आयोजित हुई जिसमें पहली कक्षा से लेकर पांचवी कक्षा तक पढ़ने वाले 3792 शिक्षकों ने परीक्षा पास कर ली। इसके बाद कक्षा 6 से कक्षा 8 तक के 866, नौवीं कक्षा से दसवीं कक्षा वाले 791 शिक्षकों ने परीक्षा पास की। 11वीं से 12वीं कक्षा के 127 शिक्षकों ने परीक्षा पास की। कुल 5576 शिक्षकों ने अभी तक सक्षमता परीक्षा पास की है। शिक्षा विभाग से मिली जानकारी के अनुसार कल 5381 शिक्षकों की पोस्टिंग औरंगाबाद जिले में होनी है।
सक्षमता परीक्षा देने के लिए किसी भी
शिक्षक को पांच बार मौका दिया जाना
है। पहली बार परीक्षा पास नहीं करने
पर वह दूसरा प्रयास कर सकते हैं।
औरंगाबाद जिले में एक बार सक्षमता
परीक्षा आयोजित हुई है और दूसरी
बार के लिए आवेदन लेना शुरू कर
दिया गया है। औरंगाबाद जिले में कुल 9204 शिक्षक हैं। इस हिसाब से अभी तक 36 सौ से अधिक शिक्षकों ने सक्षमता परीक्षा पास नहीं की है और वह राज्य कर्मी का दर्जा नहीं ले सकेंगे। उन्हें नियोजित शिक्षक के रूपमें रखा जाएगा। भविष्य में ही इस पर कोई निर्णय लिया जाना है। इस संबंध में औरंगाबाद के स्थापना डीपीओ दयाशंकर सिंह ने बताया कि आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। शिक्षक आवेदन कर दें ताकि परीक्षा पास कर राज्य कर्मी का दर्जा प्राप्त कर सकें। फिलहाल इसमें किसी तरह का बदलाव नहीं होने वाला है। विदित होकि सक्षमता परीक्षा को लेकर शिक्षकसंघ ने विरोध जताया था। इसके साथ ही कई जगहों पर विरोध प्रदर्शन किया गया था।

