Primary Ka Master Latest Updates👇

Wednesday, May 1, 2024

Primary ka master: शादी के चार दिन बाद पेड़ से लटका मिला दूल्हे का शव

 फरीदाबाद। मूल रूप से यूपी के हाथरस निवासी एक युवक का शव फरीदाबाद के धौज इलाके में एक पेड़ से लटका मिलने पर इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक यूपी में शिक्षक थे। मौत की सूचना पाकर मृतक के परिजन फरीदाबाद पहुंचे। परिजनों ने आशंका जताई है कि किसी ने दूल्हे का अपहरण कर उसकी हत्या की है। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। मृतक की पहचान यूपी के जिला हाथरस स्थित गांव शिवाचली करीम निवासी विकास (28) के रूप में हुई है। चार दिन पहले ही विकास की शादी यूपी के एटा जिले में हुई थी। विकास शादी के तुरंत बाद पड़ोसी गांव में जाने की बात कहकर घर से निकला था। वह इतनी दूर फरीदाबाद कैसे पहुंचा इस बात को लेकर परिजन भी हैरान हैं। परिजनों के मुताबिक फरीदाबाद से उसका कोई लेना देना नहीं है। उनका कोई रिश्तेदार भी यहां नहीं रहता है। घर से निकलने के बाद जब विकास घर नहीं लौटा तो परिवार के लोगों ने यूपी पुलिस से मदद मांगी थी। आरोप है यूपी पुलिस ने कोई मदद नहीं की।



मृतक के भाई नीरज ने बताया विकास निजी स्कूल में अंग्रेजी पढ़ाते थे। उनकी शादी 24 अप्रैल को यूपी के जिला एटा स्थित गांव पिलवा निवासी शिल्पा से हुई थी। 25 अप्रैल की सुबह वह दुल्हन लेकर घर लौटे थे। 26 अप्रैल शाम 5 बजे विकास की कंगना खुलने की रस्म पूरी हुई थी। शाम करीब साढ़े सात बजे विकास के फोन पर किसी ने कॉल किया, जिसे सुनने के बाद विकास अपने गांव के पास बने पुर्दीन नगर बाजार में जाने की बात कहकर निकला था। गांव के एक लड़के से लिफ्ट लेकर विकास घर से चला गया और घर नहीं लौटा।


--

यूपी पुलिस करती कार्रवाई तो बच सकती थी विकास की जान

परिवार के लोगों का आरोप है विकास जब घर नहीं पहुंचा तो परिवार के लोग रात को जरेरा पुलिस चौकी पहुंचे। वहां से उन्हें हाथरस थाने भेज दिया गया। हाथरस पुलिस ने भी कोई सुनवाई नहीं की। उन्होंने किसी तरह विकास के मोबाइल की लोकेशन निकलवाई तो वह दिल्ली की आई। कुछ देर के लिए उनका मोबाइल ऑन हुआ था। 27 अप्रैल की सुबह पांच बजे फोन बंद हो गया। इसके करीब डेढ़ घंटे बाद फोन खुला और तुरंत बंद हो गया। 27 अप्रैल की शाम को फरीदाबाद पुलिस ने फोन कर बताया कि विकास का शव धौज इलाके में पेड़ से लटका मिला है। नीरज का कहना है उनके भाई का अपहरण कर हत्या के बाद शव पेड़ से लटकाया गया है। धौज थाना प्रभारी शिव चरण ने बताया शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। पोस्टमार्टम की विस्तृत रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। मृतक के शरीर पर मारपीट या चोट के कोई निशान नहीं हैं।

Primary ka master: शादी के चार दिन बाद पेड़ से लटका मिला दूल्हे का शव Rating: 4.5 Diposkan Oleh: Updatemarts

Social media link