आज का मौसम 2 जून: गर्मी पर बारिश का ब्रेक! दिल्ली-NCR, यूपी, पंजाब, हरियाणा समेत इन राज्यों में अगले कुछ घटों में बरसेंगे बादल
भीषण गर्मी और लू से जूझ रहे लोगों को अब राहत मिलने वाली है। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली-एनसीआर समेत देश के कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज बदला रहेगा। 2 जून से 5 जून के बीच राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में तेज हवाएं, गरज-चमक और बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। इसके चलते तापमान में गिरावट दर्ज होगी और लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिलेगी।
दिल्ली, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो गई हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि इन राज्यों के कई जिलों में गरज के साथ बारिश हो सकती है। पहाड़ी राज्यों में कुछ स्थानों पर तेज हवाएं और बिजली गिरने की भी आशंका है। मौसम में बदलाव का असर मैदानी इलाकों में भी देखने को मिलेगा।
राजस्थान, पंजाब और हरियाणा को मिलेगी गर्मी से राहत
राजस्थान के कई हिस्सों में धूलभरी आंधी और बारिश का दौर शुरू हो सकता है। वहीं पंजाब और हरियाणा में भी तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी के बीच यह बदलाव लोगों के लिए बड़ी राहत लेकर आ सकता है।
बिहार और मध्य प्रदेश में बारिश का अनुमान
बिहार के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। वहीं मध्य प्रदेश में भी प्री-मानसून सिस्टम सक्रिय होने से भोपाल, इंदौर, ग्वालियर और जबलपुर समेत कई शहरों में बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि इससे तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है।
गुजरात, महाराष्ट्र और दक्षिणी राज्यों में भी बरसेंगे बादल
गुजरात और महाराष्ट्र के कई हिस्सों में भी मौसम करवट ले सकता है। वहीं केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। दक्षिण भारत में मानसून की प्रगति के साथ कई इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की जा सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को आंधी-तूफान और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है।

