Primary Ka Master Latest Updates👇

Tuesday, June 2, 2026

नहाते समय गंगा में डूबने से शिक्षक की मौत

 नहाते समय गंगा में डूबने से शिक्षक की मौत

मानिकपुर निवासी मनोज मौर्य (44) रायबरेली शहर की कोचिंग में नीट परीक्षा की तैयारी कराते थे। रविवार को वह अपने दो शिष्यों रायबरेली के ऊंचाहार निवासी धीरज मिश्रा और बहराइच के प्रशांत के साथ गंगा स्नान करने के लिए मानिकपुर पहुंचे। पुलिस के अनुसार शिक्षक ने पहले घाट पर मोबाइल से रील बनाई। शिष्यों के साथ मुख्य स्नान घाट से करीब 150 मीटर दूर स्नान करने चले गए। 


नाविकों के अनुसार नदी की बीच धारा के पास भी रील बनाने का प्रयास किया। इस बीच मनोज गहरे पानी में समा गए। शिष्य धीरज ने बचाने का प्रयास किया तो वह भी डूबने लगा। नदी के किनारे खड़े नाविकों ने युवकों को डूबते देख नाव से पहुंचे। धीरज को किसी तरह नाविकों ने बचा लिया लेकिन मनोज की डूबने से मौत हो गई। 

पुलिस की मौजूदगी में करीब दो घंटे के प्रयास के बाद नाविकों ने शव को नदी से खोज निकाला। सीएचसी कालाकांकर पहुंचने पर चिकित्सकों ने शिक्षक को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शिष्यों से पूछताछ के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। 

दोनों शिष्यों के मोबाइल को पुलिस ने कब्जे में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटना की सूचना पुलिस ने परिजनों को दी। पैतृक गांव से रोते बिलखते हुए परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। पति की मौत की जानकारी पर पत्नी भी दो बेटों के साथ रायबरेली से रवाना हुई है। 


मौत खींच लाई शाहाबाद घाट 

पुलिस की पूछताछ में धीरज ने बताया कि शिक्षक के साथ गंगा स्नान करने की योजना बनाई थी। पहले सब गोकना घाट स्नान के लिए जाने वाले थे। शिक्षक के कहने पर मानिकपुर स्नान करने के लिए आए थे। पैतृक गांव मानिकपुर होने के कारण शिक्षक ने शाहाबाद घाट पर स्नान करने की बात कही थी। बाइक से मनोज शिष्यों के साथ मानिकपुर पैतृक गांव पहुंचा। बाइक और हेलमेट घर पर रखकर स्नान करने शाहाबाद घाट पहुंचा था। 


शिक्षक के साथ आए दोनों युवकों से पूछताछ की जा रही है। परिजनों को घटना की जानकारी दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी। 

बृजनंदन राय, एएसपी पश्चिमी

नहाते समय गंगा में डूबने से शिक्षक की मौत Rating: 4.5 Diposkan Oleh: UP UPDATEMART

Social media link