सौरिख में शिक्षक का शव मिलने से मचा हड़कंप
Kannauj News: सौरिख, संवाददाता। कस्बे में शनिवार सुबह प्राथमिक विद्यालय के सहायक अध्यापक का शव सडक किनारे मिलने से हडकंप मच गया। मृतक के परिजनो ने क्षेत्र के कुछ लोगों पर धोखाधड़ी कर वेतन हड़पने और नशे की हालत में धोखे से हस्ताक्षर कराकर लाखों रुपये का लोन कराने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
इंदरगढ़ थाना क्षेत्र के फतेहपुर रामपुर गांव निवासी रोहित कुमार (46) पुत्र गेंदालाल, विकासखंड क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय पट्टी मे सहायक अध्यापक के पद पर तैनात थे। शुक्रवार को विद्यालय में अचानक उनकी तबीयत बिगड गई और वह जमीन पर गिर पड़े। प्रधानाध्यापक यशवंत कुमार ने उन्हें एंबुलेंस से सीएचसी पहुंचाया। उपचार के बाद अस्पताल पहुंचे एक युवक के साथ रोहित चले गए। शनिवार सुबह कस्बा स्थित ऋषि भूमि इंटर कॉलेज के पास कुछ लोगों ने शिक्षक को सडक किनारे बैठे देखा।
कुछ देर बाद वह वहीं अचेत अवस्था में मिले। कार्यक्रम मे पहुचें शिक्षकों एवं राहगीरों की नजर जब सडक किनारे पड़े शिक्षक पर पड़ी तो अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहा चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।नशे का आदी बनाकर धोखाधड़ी करने का आरोप पुलिस की सूचना पर अस्पताल पहुचें परिजनो ने क्षेत्र के कुछ लोगों पर गंभीर आरोप लगाए। मृतक की पत्नी सरोज देवी ने आरोप लगाया कि रोहित को कुछ लोगों ने शराब का आदी बना दिया था और उसकी नशे की हालत का फायदा उठाकर कई जगह हस्ताक्षर कराए गए। आरोप है, कि इन्हीं दस्तावेजो के जरिए लाखों रुपये का लोन कराकर रकम हडप ली गई तथा वेतन भी अपने कब्जे में लिया गया। पत्नी ने बताया कि वह पिछले कई वर्षों से अपनी बेटी के साथ गुरसहायगंज स्थित मायके मे मां ईश्वर देवी के पास रह रही थी। पति की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

