राजस्थान के जयपुर में आज कॉकरोच पार्टी के प्रवक्ता आशुतोष रांका स्कूलों का निरीक्षण करने पहुंचे थे। कुछ लोगों ने पथराव कर दिया। आशुतोष को अपने साथियों के साथ वहां से भागना पड़ा।
पथराव करने वाले लोगों का कहना है- हम इस स्कूल को अपने स्तर पर ठीक करवा लेंगे। सरकार ने 12.50 लाख रुपए स्वीकृत कर दिए हैं। हम किसी भी बाहरी व्यक्ति को यहां नहीं आने देंगे
आशुतोष और उनके साथियों से हाथापाई भी हुई है। आशुतोष का आरोप है कि राजस्थान सरकार के इशारे पर BJP के लोगों ने यह सब किया।
CJP प्रवक्ता आशुतोष रांका और उनके साथियों पर जयपुर में हमला हुआ है। रांका शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे बगरू के राजकीय प्राथमिक स्कूल रामपुरा कंवरपुरा का निरीक्षण करने पहुंचे थे। तभी ग्रामीणों ने उन्हें पीटकर वहां से खदेड़ दिया। उनकी गाड़ियों पर भी पथराव किया गया। रांका के साथ मौजूद महिला समर्थकों पर गांव की महिलाओं ने मिट्टी फेंकी।
रांका ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर मारपीट का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा- हमले में गाड़ियों के शीशे और मोबाइल तोड़े गए, एक महिला से मारपीट हुई और उनकी शर्ट फाड़ दी गई। टीम के एक सदस्य का हाथ फ्रैक्चर हुआ है।
रांका ने कहा, 'आज पूरे देश ने भाजपा की गुंडागर्दी लाइव देखी है। ये शिक्षा मंत्री मदन दिलावर के कहने पर हुआ है। 48 घंटे का अल्टीमेटम दे रहे हैं। हमलावरों की गिरफ्तारी हो और स्कूल निरीक्षण रोकने का आदेश वापस लिया जाए। ऐसा नहीं हुआ तो पूरे राजस्थान में आंदोलन करेंगे और दिलावर के इस्तीफे की मांग करेंगे।'
