यूपी में नगर निकाय उपचुनाव का बिगुल, 18 सितंबर से नामांकन,
लखनऊ/रायबरेली। उत्तर प्रदेश में रिक्त नगर निकाय पदों पर उपचुनाव का कार्यक्रम राज्य निर्वाचन आयोग ने जारी कर दिया है। आयोग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार रायबरेली की नगर पंचायत सलोन और कानपुर की नगर पंचायत बिठूर में रिक्त अध्यक्ष पद के लिए उपचुनाव कराया जाएगा।
18 सितंबर से शुरू होगा नामांकन
राज्य निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के मुताबिक 18 सितंबर से 24 सितंबर 2026 तक नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे। नामांकन पत्रों की जांच 25 सितंबर को होगी। प्रत्याशी 28 सितंबर तक अपना नाम वापस ले सकेंगे। वहीं 29 सितंबर को चुनाव चिह्नों का आवंटन किया जाएगा।
13 अक्टूबर को मतदान, 15 को मतगणना,
नगर निकाय उपचुनाव के लिए 13 अक्टूबर 2026, मंगलवार को सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान कराया जाएगा। इसके बाद 15 अक्टूबर 2026, गुरुवार को सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू होगी।
राज्य निर्वाचन आयोग ने संबंधित जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार चुनाव प्रक्रिया पूरी कराने के निर्देश दिए हैं। अधिसूचना के अनुसार संबंधित जिलों में सार्वजनिक सूचना जारी करने और नामांकन प्रक्रिया शुरू करने की तैयारियां की जाएंगी।
📍 इन दो नगर पंचायतों में होगा उपचुनाव
नगर पंचायत सलोन — रायबरेली
नगर पंचायत बिठूर — कानपुर
