शिक्षिका के भाई ने कक्षा दो की मासूम से किया रेप
हसनपुर। ट्यूशन पढ़ने पहुंची कक्षा दो की छात्रा से शिक्षिका के 20 वर्षीय भाई ने दुष्कर्म किया। घटना के बाद छात्रा की हालत बिगड़ गई। परिजनों के मुताबिक, बीते आठ दिन से उसका निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है, जहां हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने रविवार को आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। सोमवार को एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने आरोपी के घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर भी कब्जे में ली है।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी शिक्षिका शाम के समय अपने घर पर बच्चों को ट्यूशन पढ़ाती है। गांव की कक्षा दो में पढ़ने वाली आठ वर्षीय छात्रा छह सितंबर को रोज की तरह ट्यूशन पढ़ने शिक्षिका के घर पहुंची थी। बताया जा रहा है कि उस समय शिक्षिका और उसके अन्य परिजन घर पर मौजूद नहीं थे। आरोप है कि शिक्षिका के 20 वर्षीय भाई मोहसिन ने छात्रा के साथ दुष्कर्म किया।
ट्यूशन से घर पहुंची छात्रा गुमसुम थी। उसकी हालत बिगड़ने पर मां ने पूछताछ की तो छात्रा ने रोते हुए घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजनों ने उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया। परिजनों के मुताबिक, तब से उसका उपचार चल रहा है और हालत नाजुक बनी हुई है।
रविवार को परिजन छात्रा को लेकर कोतवाली पहुंचे और तहरीर दी। प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार तिवारी ने बताया कि आरोपी मोहसिन के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने शिक्षिका के घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर कब्जे में ली है। सोमवार को एफएसएल टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य संकलित किए।

