90 हजार बच्चे बनाएंगे टीएलएम, मिले 54 लाख :- 15 अक्टूबर तक शिक्षक करेंगे आवश्यक सामग्री की खरीद
ज्ञानपुर। परिषदीय विद्यालयों में कक्षा शिक्षण को गतिविधि आधारित और प्रभावी बनाने के लिए समग्र शिक्षा के तहत टीचिंग लर्निंग मटीरियल (टीएलएम) तैयार कराया जाएगा। कक्षा एक से पांच तक के 90 हजार 228 विद्यार्थियों को 60 रुपये प्रति छात्र की दर से 54 लाख रुपये का बजट जारी किया गया है।
जिले के 885 प्राथमिक, पूर्व माध्यमिक और कंपोजिट विद्यालयों में एक लाख 33 हजार बच्चे पंजीकृत हैं। इसमें 90 हजार 228 छात्र-छात्राएं पहली से पांचवीं तक पंजीकृत हैं। टीएलएम से बच्चों की कक्षा और विषय के अनुरूप शिक्षण सामग्री तैयार की जाएगी, जिसे निपुण लक्ष्य से जोड़ा जाएगा।
शिक्षकों को आवश्यक सामग्री की खरीद 15 अक्टूबर तक पूरा करनी होगी, जबकि 31 अक्टूबर तक कक्षावार और विषयवार टीएलएम तैयार करना होगा। इसमें शिक्षक अपनी तैयार सामग्री का प्रदर्शन करेंगे और कक्षा शिक्षण में उसके उपयोग की जानकारी देंगे। एक-एक छात्र को टीएलएम निर्माण के लिए 60 रुपये आवंटित किया गया है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शिवम पांडेय ने कहा कि टीएलएम से कक्षा-कक्ष को अधिक जीवंत बनाने और बच्चों की सीखने एवं रचनात्मक क्षमता बढ़ाने में मदद मिलेगी। शिक्षकों से बच्चों की जरूरत और शिक्षण योजना के अनुरूप टीएलएम तैयार कर उसके प्रभावी उपयोग पर जोर दिया जाएगा।

