छात्राओं ने खोली स्कूल में कमियों की पोल शिक्षिका से मेन्यू तक पर उठाए गए सवाल
पटना: कस्तूरबागांधी बालिका विद्यालय कुर्जी की छात्राओं ने सोमवार को जब एसडीओ कृतिका मिश्रा को सामने पाया तो तमाम कमियां गिनाने में कोई कोताही नहीं की। छात्राओं ने बताया कि लंबे समय से सामाजिक विज्ञान व डांस की शिक्षिका नहीं है। साथ ही उन्होंने खाने की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए मेन्यू बदलने की मांग की। इसके अलावा विद्यालय की छत पर जलजमाव की समस्या मिली। निरीक्षण के दौरान रोकड़, स्टाक और शिकायत-सुनवाई रजिस्टर भी अद्यतन नहीं मिला। अनुमंडल पदाधिकारी कृतिका मिश्रा ने संबंधित अधिकारियों को तीन दिन में सभी रजिस्टर अद्यतन करने का निर्देश दिया। साथ ही विद्यालय के एक माह के बायोमेट्रिक उपस्थिति की प्रति उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। एसडीओ के साथ सहायक समाहर्ता, सर्व शिक्षा अभियान के जिला कार्यक्रम पदाधिकारी समेत विद्यालय कर्मी भी थे। निरीक्षण रिपोर्ट में कक्षा छह में 30, कक्षा सात में 50 और कक्षा आठ में 50 छात्राएं नामांकित बताई गईं। वहीं, तीनों कक्षाओं में कुल छात्राओं की संख्या 130 के बजाय 100 का उल्लेख किया गया।
●डांस शिक्षिका की नियुक्ति कराने का अनुरोध किया
अधिकारियों ने कक्षाओं, रसोई, सहेली कक्ष व अन्य कमरों का निरीक्षण किया। शिक्षिकाओं को बाहर कर छात्राओं से अकेले में बातचीत कर पढ़ाई, भोजन व अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। इसके बाद छात्राओं ने एसडीओ को अपनी समस्याएं जैसे रात में रोशनी- बिजली, सुरक्षा, शौचालय, पेयजल, चौकीदार की व्यवस्था दुरुस्त करने के साथ सामाजिक विज्ञान व डांस शिक्षिका
नियुक्ति कराने का अनुरोध किया। एसडीओ ने डांस क्लास की शिक्षिका की नियुक्ति कराने के लिए जिला कार्यक्रम पदाधिकारी को निर्देश दिया। डीपीओ ने बिहार शिक्षा परियोजना को इस संबंध में अवगत कराने का आश्वासन दिया। एसडीओ ने पाया कि छात्राओं के पढ़ने और सोने वाले कमरों तथा सहेली कक्ष की साफ-सफाई संतोषजनक थी।

