कैमूर में 569 शिक्षकों को औपबंधिक रूप से आवंटित हुए नये विद्यालय, दो दिनों में दर्ज करा सकेंगे आपत्ति
बिहार शिक्षक स्थानांतरण नियमावली 2026 के तहत कैमूर जिले में शिक्षकों के स्थानांतरण की प्रक्रिया ने बुधवार को महत्वपूर्ण चरण पूरा कर लिया. जिला पदाधिकारी कुमार अनुराग की अध्यक्षता में समाहरणालय में जिला स्थापना समिति की बैठक हुई. इसमें ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर प्राप्त शिक्षकों के आवेदनों की वर्गवार समीक्षा के बाद समानुपातीकरण के प्रथम चरण में 569 शिक्षकों को औपबंधिक रूप से नये विद्यालय आवंटित किये गये.
कक्षा के अनुसार 569 शिक्षकों को मिला विद्यालय औपबंधिक स्थानांतरण के तहत वर्ग 1-5 के 172 शिक्षक, वर्ग 6-8 के 134 शिक्षक, वर्ग 9-10 के 97 शिक्षक तथा वर्ग 11-12 के 166 शिक्षकों को विद्यालय आवंटित किया गया है. संबंधित शिक्षक ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर अपनी लॉगिन आईडी के माध्यम से आवंटित विद्यालय की जानकारी देख सकते हैं.
1322 शिक्षकों ने विद्यालय परिवर्तन के लिए किया था आवेदन समानुपातीकरण के तहत जिले के विभिन्न वर्गों से कुल 1322 शिक्षकों ने विद्यालय आवंटन एवं स्थानांतरण के लिए आवेदन किया था. इनमें वर्ग 1-5 से सर्वाधिक 822 आवेदन प्राप्त हुए थे. वर्ग 6-8 से 141, वर्ग 9-10 से 162 तथा वर्ग 11-12 से 197 शिक्षकों ने आवेदन किया था. जिला स्थापना समिति ने सभी प्राप्त आवेदनों का वर्गवार अवलोकन करते हुए नियमानुसार औपबंधिक विद्यालय आवंटन की प्रक्रिया पूरी की.
लॉगिन करते ही दिखेगा औपबंधिक रूप से आवंटित विद्यालय स्थानांतरण के लिए आवेदन करने वाले शिक्षक अपनी ई-शिक्षाकोष लॉगिन आईडी के माध्यम से औपबंधिक रूप से आवंटित विद्यालय का विवरण देख सकेंगे. शिक्षकों को पोर्टल पर लॉगिन कर आवंटन की जानकारी ध्यानपूर्वक जांचने की सलाह दी गयी है. यदि किसी शिक्षक को विद्यालय आवंटन को लेकर आपत्ति है, तो निर्धारित प्रक्रिया के तहत ऑनलाइन आपत्ति दर्ज करायी जा सकती है.
दो दिनों में आपत्ति, इसके बाद जारी होगी अंतिम सूची औपबंधिक विद्यालय आवंटन के संबंध में आपत्ति दर्ज कराने के लिए शिक्षकों को दो दिनों का समय दिया गया है. संबंधित शिक्षक अपनी लॉगिन आईडी से ऑनलाइन आपत्ति दर्ज करा सकेंगे. प्राप्त आपत्तियों की जिला स्थापना समिति द्वारा नियमानुसार समीक्षा और निस्तारण किया जायेगा. इसके बाद शिक्षकों की अंतिम स्थानांतरण एवं विद्यालय आवंटन सूची प्रकाशित की जायेगी. फिलहाल जारी आवंटन औपबंधिक है और आपत्तियों के निस्तारण के बाद इसमें आवश्यक बदलाव संभव है.
बैठक में ये अधिकारी रहे उपस्थित बैठक के दौरान जिला शिक्षा पदाधिकारी, सदस्य-सह-जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना), मनोनीत सदस्य-सह-अपर समाहर्ता (एडीएम), पीजीआरओ, मनोनीत सदस्य-सह-भूमि सुधार उप समाहर्ता (डीसीएलआर, भभुआ) तथा मनोनीत सदस्य-सह-प्रखंड विकास पदाधिकारी (भभुआ) उपस्थित रहे.

