शिक्षिका से दुर्व्यवहार पर प्रधान शिक्षक निलंबित
प्रखंड क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय सहजान टोल परड़ी में निरीक्षण के दौरान सामने आई गंभीर अनियमितताओं ने शिक्षा व्यवस्था और विद्यालयी अनुशासन पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामले में जिला शिक्षा पदाधिकारी दरभंगा ने कड़ा कदम उठाते हुए विद्यालय के प्रभारी प्रधान शिक्षक रूपक कुमार सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। बताया जाता है कि 27 अगस्त की दोपहर प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी प्रमोद कुमार ठाकुर द्वारा विद्यालय का निरीक्षण किया गया था। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आने की बात कही गई। विभागीय स्तर पर तैयार कार्रवाई में प्रभारी प्रधान शिक्षक पर विभागीय आदेशों की अवहेलना, स्वेच्छाचारिता एवं अनुशासनहीनता , वित्तीय अनियमितता, विद्यालय के अभिलेखों के संधारण में घोर लापरवाही समेत कई आरोप लगाए गए हैं। मामला उस समय और गंभीर हो गया, जब विद्यालय की महिला
शिक्षिका के साथ आपत्तिजनक व्यवहार तथा अमर्यादित भाषा शैली के प्रयोग का आरोप भी सामने आया। शिक्षा विभाग ने इस आरोप को भी गंभीरता से लेते हुए इसकी जांच कराने का निर्णय लिया है। निरीक्षण के बाद प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी ने प्रभारी प्रधान शिक्षक रूपक कुमार सिंह से पूरे मामले में स्पष्टीकर
ण मांगा था। विभागीय पत्राचार के अनुसार, प्राप्त स्पष्टीकरण को अस्पष्ट एवं असंतोषजनक पाया गया। इसके बाद प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी ने अनुशासनिक कार्रवाई के लिए जिला शिक्षा पदाधिकारी को रिपोर्ट भेजी। रिपोर्ट और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर जिला शिक्षा पदाधिकारी दरभंगा ने कार्रवाई करते हुए प्रभारी प्रधान शिक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि के दौरान रूपक कुमार सिंह का पदस्थापन कुशेश्वरस्थान पूर्वी प्रखंड शिक्षा कार्यालय में किया गया है। उन्हें नियमानुसार सामान्य जीवनयापन भत्ता देय होगा।

