68500 सहायक शिक्षकों की भर्ती में अभ्यर्थियों की मंत्रियों ने सुनी मांगें
लखनऊ। परिषदीय स्कूलों में 68500 सहायक शिक्षकों की भर्ती में आरक्षण की विसंगति दूर कर संशोधित परिणाम जारी करने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों की मांगों पर सुनवाई को उच्च स्तरीय बैठक हुई। जिसमें अभ्यर्थियों से बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह व माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गुलाब देवी ने वार्ता की। उन्होंने आश्वासन दिया कि वह उनकी मांगों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तक पहुंचाएंगे और नियमानुसार उसे हल कराने की कोशिश की जाएगी।
राजधानी स्थित इको गार्डेन में पिछले कई दिनों से प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों ने राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के आदेश को लागू कराते हुए भर्ती परिणाम को संशोधित किए जाने की मांग कर रहे हैं। ऐसे में इस उच्च स्तरीय बैठक में वर्ष 2018 में हुई इस भर्ती के पीड़ित अभ्यर्थियों ने अपना पक्ष बैठक में रखा। उन्होंने ओबीसी के अभ्यर्थियों को कुल 150 अंक में से 60 अंक अर्थात 40 प्रतिशत के आधार पर संशोधित परिणाम जारी कर पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति दी जाने की मांग रखी। यही नहीं भर्ती प्रक्रिया में आरक्षण संबंधित विसंगतियों के जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की भी मांग की। अभ्यर्थियों ने एनसीटीई की गाइडलाइन, राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के आदेश, बेसिक शिक्षा की नियमावली, आरक्षण नियमावली व भर्ती प्रक्रिया के दौरान अपनाई गई व्यवस्था सहित तमाम तथ्यों को उनके सामने रखा। भर्ती परिणाम में ओबीसी अभ्यर्थियों को पांच प्रतिशत छूट दी जानी चाहिए थी जो नहीं दी गई।
बैठक में मंत्रियों व अधिकारियों ने कहा कि इस भर्ती प्रक्रिया को संपन्न हुए आठ साल बीत चुके हैं। ऐसे में अब इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मार्गदर्शन लेकर नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए। बैठक में शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थी तूफान सिंह, आशुतोष वर्मा व नवीन चौधरी आदि मौजूद रहे।
