हसनपुर प्राथमिक शिक्षक संघ की बैठक में वक्ताओं ने कहा कि सरकार लगातार शिक्षकों की मांगों की अनदेखी कर रही है। इसी के विरोध में 5 अक्तूबर को जिला मुख्यालय पर बाइक रैली निकाली जाएगी। रैली की रूपरेखा तैयार की गई। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ की बैठक टीचर कॉलोनी में आयोजित हुई।
गंगेश्वरी ब्लॉक अध्यक्ष रामवीर सिंह ने कहा कि पुरानी पेंशन बहाल करने के साथ-साथ 21 सूत्री मांगों के निस्तारण की मांग शासन से की जाएगी। 5 अक्तूबर को जिला मुख्यालय पर बाइक रैली, 28 अक्तूबर को जिला मुख्यालय पर एक दिवसीय धरना प्रदर्शन और 30 नवंबर को लखनऊ के इको गार्डन में विशाल रैली का आयोजन किया जाएगा। 5 अक्तूबर की बाइक रैली में जनपद भर में कार्यरत अधिकारी, कर्मचारी, शिक्षक संयुक्त रूप से प्रतिभाग करेंगे और अंत में जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
उन्होंने सरकार को चेताया कि अगर हमारी 21 सूत्रीय मांगें जल्द ही पूरी नहीं की गईं तो सरकार को आने वाले समय में गंभीर परिणाम भुगतने पड़ेंगे। यहां ब्लॉक मंत्री प्रदीप कुमार भाटी, गौरव नागर, देवेंद्र शर्मा, वैभव गुप्ता, महताव उद्दीन, संजय सिंह, विजेंद्र सिंह, अरविंद चौधरी, मनवीर सिंह यादव, योगराज सिंह चौहान, गौतम सिंह, लोकेंद्र सिंह, अनिल कुमार, मोहम्मद कौसर, मनोज कुमार शर्मा आदि रहे।

