सोनभद्र। माध्यमिक भारतीय रसोइया वेलफेयर एसोसिएशन के लोगों ने बृहस्पतिवार को राबर्ट्सगंज नगर से जुलूस निकाल कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। रामलीला मैदान से निकले जुलूस को प्राथमिक शिक्षक संघ की अध्यक्ष संतोष कुमारी सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री को नामित नौ सूत्री ज्ञापन डीएम को सौंपा।
जिलाध्यक्ष ज्ञांती देवी ने कहा कि उच्च न्यायालय ने रसोइयों का न्यूनतम मानदेय निर्धारित करने का आदेश दिया है लेकिन प्रदेश सरकार न्यूनतम मानदेय देने से पीछे हट रही है। प्रदेश उपाध्यक्ष ऊषा साहू ने कहा कि रसोइयों का मानदेय अप्रैल 2021 से अब तक बाकी है। मानदेय का भुगतान न होने से रसोइयों के समक्ष समस्या पैदा हो गई है। संगठन के संरक्षक व संस्थापक तैयब अंसारी ने कहा कि उच्च न्यायालय ने सरकार को 2005 से अब तक का मानदेय चार माह के भीतर देने का निर्देश दिया था लेकिन सरकार देने से इनकार कर रही है। कहा कि सरकार यदि रसोइयों का वेतन नहीं दिया गया तो माध्यमिक रसोइयां वेलफेयर एसोसिएशन जिले में कार्य बहिष्कार कर उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे। इस मौके पर गायत्री देवी, रूपवती, सुनीता देवी, रामजन्म सिंह, भगवान सिंह, राम सिंह, केवला देवी, लालती देवी, चंद्रावती देवी, शिवपूजन, कुलवंती, राधिका, रीतू, मीना देवी, अक्षय गुप्ता आदि शामिल रहे। संचालन जगदीश प्रसाद ने किया।
