छात्रवृत्ति आवेदन अग्रसारण न करने पर कार्रवाई
ज्ञानपुर। पूर्व दशम और दशमोत्तर के आनलाइन आवेदनों के अग्रसारण में विद्यालय स्तर पर लापरवाही बरती जा रही है। जिससे साढ़े नौ हजार छात्र-छात्राओं की छात्रवृत्ति पर संकट के बादल मड़राने लगे हैं। हिदायत के बाद भी आवेदन को अग्रसारित न करने पर 52 शिक्षण संस्थानों के प्रधानाचार्य और प्राचार्यों को नोटिस जारी कर डाटा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
छात्रवृत्ति के लिए छात्र छात्राएं अब आनलाइन आवेदन करते हैं। उसके बाद विद्यालय स्तर से उसको अग्रसारित किया जाता है, लेकिन जिले में संस्थान प्रभारी इसको लेकर उदासीन बने हैं। जिससे पूर्व दशम (कक्षा नौ-10) और दशमोत्तर कक्षाओं (कक्षा 11 व 12 एवं अन्य कक्षाओं) से संबंधित अनुसूचित जाति और सामान्य वर्ग के 9581 आवेदन पत्र लंबित पड़े हैं।
इसके चलते छात्र-छात्राओं के छात्रवृत्ति के लाभ से वंचित होने का खतरा बढ़ गया है। जिले में संचालित कुल 183 माध्यमिक विद्यालयों में कक्षा नौ और 10 के अनुसूचित जाति के 6763 छात्र- छात्राओं ने आवेदन किया है। 4292 का डाटा ही अग्रसारित हो सका है। 2471 आवेदन पत्र अभी लंबित हैं। इसी तरह सामान्य वर्ग से 3592 में से 1342 आवेदन लंबित हैं। 2250 को अग्रसारित किया जा सका है।
इसी तरह दशमोत्तर कक्षाओं में माध्यमिक विद्यालय, महाविद्यालय व अन्य तकनीकी शिक्षण प्रशिक्षण संस्थान से छात्रवृत्ति के लिए अनुसूचित जाति के 6727 आवेदन पत्रों में से 2973 आवेदन लंबित हैं। 3804 को अग्रसारित किया जा सका है।
जबकि सामान्य वर्ग के 6121 में से 3276 आवेदन पत्र अग्रसारित किया गया है। 2845 आवेदन पत्र लंबित पड़े हैं। विद्यालय प्रबंध तंत्र की ओर से बरती जा रही इस लापरवाही पर सख्त रुख अख्तियार करते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक नंदलाल गुप्ता ने सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को नोटिस जारी किया है। चेतावनी दी है कि शीघ्र डाटा अग्रसारित न करने वाले विद्यालयों के प्रधानाचार्य प्राचार्य व प्रबंध तंत्र के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। तय
