वाराणसी। बेसिक शिक्षा विभाग के सभी स्कूलों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 की पहली सत्रीय परीक्षा 19 अगस्त से शुरू होगी। बीएसए भूपेंद्र सिंह ने परीक्षा के संबंध में शुक्रवार को विस्तृत दिशानिर्देश जारी किए। उन्होंने बताया कि परीक्षाएं 25 अगस्त तक चलेंगी। सभी खंड शिक्षाधिकारियों को अपने-अपने ब्लॉक में परीक्षा के सकुशल संचालन की जिम्मेदारी दी गई है। बीएसए ने बताया कि कक्षा और विषयवार निर्धारित पाठ्यक्रम के अनुसार प्रश्नपत्र तैयार कराए जाएंगे। प्रश्नपत्रों की तैयारी कक्षा अध्यापक और विषय अध्यापक कराएंगे। उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन की जिम्मेदारी भी उन्हीं की होगी। परीक्षा के बाद मूल्यांकन संबंधी कॉपियां, रजिस्टर आदि विद्यालय में सुरक्षित रखे जाएंगे।
बीएसए ने बताया कि परीक्षा परिणाम जारी होने के बाद सभी छात्रों का विषयवार आकलन किया जाएगा। इस विश्लेषण के बाद कमजोर छात्रों के लिए विशेष कक्षाएं और शिक्षण सत्र आयोजित किए जाएंगे।
