Primary Ka Master Latest Updates👇

Sunday, August 16, 2026

UPESSC का बड़ा ऐलान: परीक्षा व्यवस्था में AI, बायोमेट्रिक और CCTV निगरानी पर जोर

 UPESSC का बड़ा ऐलान: परीक्षा व्यवस्था में AI, बायोमेट्रिक और CCTV निगरानी पर जोर

बायोमेट्रिक और CCTV निगरानी पर जोर

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) ने 15 अगस्त 2026 को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित समारोह में निष्पक्ष, पारदर्शी और विश्वसनीय परीक्षा व्यवस्था को लेकर अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कीं। आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने कहा कि परीक्षा व्यवस्था केवल अभ्यर्थियों के चयन का माध्यम नहीं, बल्कि सुशासन और जनविश्वास से जुड़ा महत्वपूर्ण दायित्व है।


समारोह में राष्ट्रीय ध्वज फहराने के बाद आयोग के अध्यक्ष ने कहा कि प्रत्येक अभ्यर्थी को उसकी प्रतिभा, योग्यता और परिश्रम के आधार पर समान अवसर उपलब्ध कराना आयोग की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।


AI से लेकर बायोमेट्रिक तक आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल

आयोग के अनुसार परीक्षा प्रक्रिया को और अधिक सुरक्षित, पारदर्शी एवं विश्वसनीय बनाने के लिए आधुनिक तकनीकों का उपयोग बढ़ाया जा रहा है। इनमें कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) आधारित निगरानी, बायोमेट्रिक सत्यापन, CCTV निगरानी, GPS आधारित परिवहन व्यवस्था, बारकोड आधारित ट्रैकिंग तथा Integrated Command & Control System जैसी व्यवस्थाएं शामिल हैं।


आयोग का कहना है कि प्रश्नपत्र तैयार किए जाने से लेकर उसके मुद्रण, परिवहन, सुरक्षित भंडारण, परीक्षा केंद्रों की व्यवस्थाओं, अभ्यर्थियों के सत्यापन, निगरानी और परिणाम तैयार करने तक पूरी प्रक्रिया को सुरक्षित एवं निष्पक्ष बनाए रखना जरूरी है।


तकनीक के साथ जवाबदेही भी जरूरी

अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि केवल तकनीक के इस्तेमाल से परीक्षा व्यवस्था प्रभावी नहीं हो सकती। इसके लिए ईमानदार क्रियान्वयन, स्पष्ट उत्तरदायित्व और मजबूत प्रशासनिक इच्छाशक्ति भी आवश्यक है।


उन्होंने कहा कि आयोग का उद्देश्य केवल तकनीक आधारित परीक्षा प्रणाली स्थापित करना नहीं, बल्कि ऐसी व्यवस्था विकसित करना है जिसमें प्रत्येक स्तर पर पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित हो।


हर अभ्यर्थी को समान अवसर देने का संकल्प

आयोग ने कहा कि प्रत्येक निर्णय के केंद्र में अभ्यर्थी का विश्वास और योग्यता रहेगी। भर्ती एवं चयन प्रक्रियाओं में निष्पक्षता, पारदर्शिता और समान अवसर सुनिश्चित करते हुए ऐसी मजबूत संस्थागत व्यवस्था विकसित करने का संकल्प लिया गया है, जिस पर आने वाली पीढ़ियां भी विश्वास कर सकें।


प्रेस-विज्ञप्ति के अनुसार स्वतंत्रता दिवस समारोह में आयोग के सदस्यगण, सचिव, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।





UPESSC का बड़ा ऐलान: परीक्षा व्यवस्था में AI, बायोमेट्रिक और CCTV निगरानी पर जोर Rating: 4.5 Diposkan Oleh: UP UPDATEMART

Social media link