यूपी में मॉनसून एक्टिव, आज इन 25 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
आईएमडी के मुताबिक, यूपी के कई इलाकों में अगले पांच से छह दिनों तक भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। कई स्थानों पर बहुत भारी वर्षा होने का अनुमान है। आईएमडी ने अगले चार से पांच दिनों तक राज्य में भारी बारिश की संभावना जताई है। साथ ही लोगों को भूस्खलन और बाढ़ संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी है।
मौसम विभाग के अनुसार यूपी में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। लगातार हो रही बारिश से नदियां उफान पर हैं। बिजनौर और फर्रुखाबाद में गंगा नदी खतरे के निशान के करीब पहुंच गई है। 45 से ज्यादा गांव बाढ़ की चपेट में हैं। 40 सरकारी स्कूलों में बाढ़ का पानी घुस गया है। नदी का पानी हाईवे के ऊपर से बह रहा है।
आज बरसेंगे बादल कल से मिलेगी राहत
वेस्ट यूपी में बुधवार को मौसम के अलग-अलग रंग दिखाई दिए। कुछ हिस्सों में अच्छी बारिश हुई, जबकि अधिकांश हिस्सों में केवल बादल छाए रहे। देर रात तक मेरठ में हल्की बारिश का दौर चलता रहा। आज भी वेस्ट यूपी में मध्यम से तेज बारिश के आसार हैं। हालांकि कल से पूरे क्षेत्र में बारिश की गतिविधियों में कमी आ सकती है। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार शाम तक मेरठ में 19.9 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। यह बारिश शहर के कुछ हिस्सों तक ही सीमित रही। देर शाम मेरठ में फिर से बारिश ने दस्तक दी। इस दौरान भी बारिश सीमित क्षेत्रों तक ही सिमटी रही।
इन जिलों में है अत्यधिक भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट
आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया एवं आस पास के क्षेत्र।
इन जिलों में है भारी बारिश का येलो अलर्ट
बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, फतेहपुर, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, रायबरेली, सहारनपुर, मथुरा, हाथरस, एटा, बिजनौर, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर व आस पास के क्षेत्र ।

