महिला सहकर्मियों से अश्लील टिप्पणी पर सहायक अध्यापक निलंबित:अमेठी में बीसए ने की कार्रवाई; ब्लैकमेलिंग, धमकी, बिना बताए छुट्टी का आरोप
अमेठी में सोमवार को विकासखंड शाहगढ़ के प्राथमिक विद्यालय पंडरी में तैनात सहायक अध्यापक वैष्णवी नंदन शुक्ल को निलंबित कर दिया गया है। बेसिक शिक्षा अधिकारी संजय तिवारी ने उन पर आठ गंभीर आरोपों के चलते यह कार्रवाई की है। शिक्षक पर महिला सहकर्मियों से अश्लील और आपत्तिजनक टिप्पणी करने, धमकी देने और गलत व्यवहार करने के आरोप हैं।
विभागीय जांच में ये आरोप शुरुआती तौर पर सही पाए गए हैं। बीएसए संजय तिवारी के मुताबिक, कई शिकायतों के बाद खंड शिक्षा अधिकारी मुसाफिरखाना को जांच अधिकारी बनाया गया था। जांच अधिकारी ने शिकायतों, सबूतों और विभाग के रिकॉर्ड की जांच के बाद अपनी रिपोर्ट दी।
इस जांच में प्रधानाध्यापक, ग्रामीणों और उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ की शिकायतों को भी शामिल किया गया। शिक्षक पर पढ़ाने के काम और सरकारी जिम्मेदारियों में लापरवाही बरतने का भी आरोप है। उन पर स्कूल के समय में शेयर बाजार में ट्रेडिंग और खरीद-फरोख्त में शामिल रहने का आरोप है।
इसके अलावा, वैष्णवी नंदन शुक्ल पर बिना बताए स्कूल से गायब रहने और तय समय से पहले स्कूल छोड़ने के आरोप भी लगे हैं। जांच में यह भी सामने आया कि शिक्षक छात्र-छात्राओं, अभिभावकों और दूसरे शिक्षकों के साथ गलत व्यवहार करते थे।
उन पर शिक्षकों और रिटायर शिक्षकों को आय से अधिक संपत्ति और शिकायतों का डर दिखाने, फर्जी शिकायतें करने, ब्लैकमेलिंग और रंगदारी मांगने जैसे गंभीर आरोप भी हैं। विभाग के रिकॉर्ड और जानकारी का गलत इस्तेमाल करने, गुमराह करने वाली खबरें छपवाने, फर्जी दस्तावेजों के नाम पर दबाव बनाने और विभाग के काम में बेवजह दखल देने का भी आरोप है।
निलंबन के दौरान सहायक अध्यापक को विकासखंड संग्रामपुर से जोड़ा गया है। बीएसए ने खंड शिक्षा अधिकारी संग्रामपुर को मामले की पूरी जांच करके 15 दिन में सबूतों के साथ रिपोर्ट देने को कहा है।

