Primary Ka Master Latest Updates👇

Thursday, September 17, 2026

UP Weather Today: 22 सितंबर से उत्तर प्रदेश से विदा हो जाएगा मानसून, थम जाएगी बारिश

 लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मानसून अब विदाई की ओर बढ़ रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, 19 सितंबर के आसपास पश्चिमी उत्तर प्रदेश से मानसून की वापसी शुरू होगी। अब प्रदेश में भी मानसूनी बारिश पर लगभग लगाम लग चुकी है।


इस बार राज्य में मानसून का मिजाज शुरू से ही उतार-चढ़ाव भरा रहा। जून-जुलाई में बारिश की कमी रही, लेकिन अगस्त में अच्छी वर्षा ने इसकी भरपाई कर दी। इस सीजन में अब तक उत्तर प्रदेश में सामान्य से चार प्रतिशत कम बारिश हुई है।


वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, 20 सितंबर से पश्चिमी उत्तर प्रदेश एवं 22 सितंबर से पूरे राज्य में वर्षा थम जाने के साथ ही मौसम शुष्क होने की संभावना है। 19 सितंबर के आसपास पश्चिमी राजस्थान से मानसून की वापसी शुरू होने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हो रही हैं।


बुधवार को पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में मध्यम से भारी वर्षा हुई। प्रतापगढ़, सुलतानपुर, कौशांबी और आसपास के जिलों में भी बादल खूब बरसे। हालांकि, गुरुवार से इन जिलों में भी मौसम शुष्क होने के आसार हैं।


बुधवार को लखनऊ में सुबह से धूप खिली रही, जिसकी वजह से उमसभरी गर्मी ने लोगों को थोड़ा परेशान किया।


राजधानी में दिन का तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जबकि रात का पारा 26.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कई जिलों में मौसम शुष्क रहने के कारण अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक पहुंच गया।

UP Weather Today: 22 सितंबर से उत्तर प्रदेश से विदा हो जाएगा मानसून, थम जाएगी बारिश Rating: 4.5 Diposkan Oleh: Primary ka school

Social media link