मऊ। भारी बारिश के चलते नगर क्षेत्र स्थित कंपोजिट स्कूल रामपुर चकिया परिसर तालाब की शक्ल में तब्दील हो गया है।
इस कारण विद्यालय में न शिक्षकों के जाने का रास्ता मिला न ही बच्चों के जाने का शनिवार से लगातार जारी बारिश के बाद जब सोमवार को शक्षिक विद्यालय पहुंचे तो पूरा कैंपस तालाब के शक्ल में नजर आया। आपरेशन कायाकल्प के तहत नगरपालिका प्रशासन से स्वीकृत पांच लाख रुपये के टेंडर का कार्य पिछले छह महीनों से पूरा नहीं हो पाया। हालांकि बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारी मॉनीटरिग की रिपोर्ट शासन और पालिका को भेजते आ रहे हैं। न शौचालय बना न नल की सप्लाई का कनेक्शन, न ही मिट्टी भराई हो पाई।
इस संबंध में प्रधानाध्यापक जयप्रकाश पांडेय का कहना है कि ठेकेदार की लापरवाही से कार्य बाधित है। निर्माण कार्य मई जून में ही पालिका के टेंडर के बाद ठेकेदार की तरफ से शुरू करा दिया जाता तो यह स्थिति नहीं आती।
• रतनपुरा संवाददाता के अनुसार श्री भगवान सिंह पूर्व माध्यमिक विद्यालय बीबीपुर तथा प्राथमिक विद्यालय बीबीपुर का संपूर्ण परिसर पानी से लबालब भर जाने से पठन पाठन बाधित है। विद्यालय के कमरों में भी पानी जमा हो गया है। हर तरफ पानी ही पानी दिखाई दे रहा है। विद्यालय के प्रधानाध्यापक सुनील कुमार सिंह ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी तथा खंड शिक्षा अधिकारी पत्र भेजकर समस्या का समाधान कराए जानेकी मांग किया है।

