लखनऊ। सीआईएससीई 10वीं और 12वीं कक्षा के छात्रों की बोर्ड परीक्षा का पहला सेमेस्टर ऑनलाइन कराएगा। विद्यार्थियों को विकल्प दिया गया है कि वे चाहें तो घर बैठे ऑनलाइन परीक्षा दे सकते हैं। बोर्ड ने समन्वयकों की बैठक में इसकी तैयारियों के निर्देश दिए हैं।
गौरतलब है कि सभी छात्रों को सेमेस्टर परीक्षा देना जरूरी है। इसके अंक अंतिम बोर्ड परीक्षा यानी दूसरे सेमेस्टर परीक्षा के नंबरों के साथ जुड़ेंगे। स्कूलों ने परीक्षा की तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस बार सीआईएससीई और सीबीएसई की 10 और 12 की बोर्ड परीक्षाएं दो सेमेस्टर में होंगी। सीआईएससई ने पहले सेमेस्टर का टाइम टेबल जारी कर दिया था। 10वीं की परीक्षा 15 नवंबर से छह दिसंबर तक होगी। अधिकतर विषयों की परीक्षा एक घंटे की होगी। 12वीं की परीक्षा 15 नवंबर से 16 दिसंबर तक चलेगी। यह डेढ़ घंटे की होगी। परीक्षा में बहुविकल्पीय प्रश्न ही पूछे जाएंगे। बोर्ड ने स्कूलों को पूर्ण रूप से ऑनलाइन परीक्षा कराने की तैयारी के निर्देश दिए हैं। राजाजीपुरम की प्रिंसिपल लीना शर्मा ने बताया कि छात्र मोबाइल या लैपटॉप पर सेंट जोसेफ इंटर कॉलेज परीक्षा देंगे।
