फर्रुखाबाद। 69 हजार सहायक अध्यापक भर्ती में खुद पर दर्ज आपराधिक मामले छिपाकर नौकरी करने का आरोप शिक्षक पर लगाया गया है। शिकायत पर सीडीओ ने बीएसए को जांच करने का निर्देश दिया है।
कन्नौज जिले के मलिकपुर गांव निवासी ओमशरण ने प्राथमिक विद्यालय अलापुर द्वितीय में नवनियुक्त शिक्षक की शिकायत सीडीओ से की है। आरोप है कि उक्त शिक्षक ने 69 हजार सहायक अध्यापक भर्ती में आपराधिक इतिहास छिपाकर नौकरी हासिल की है। शिक्षक के खिलाफ घर में घुस कर मारपीट व धमकी देने का मुकदमा कन्नौज न्यायालय में चल रहा है।
फतेहगढ़ कोतवाली पुलिस ने 24 मार्च 2019 को शिक्षक को जेल भेजा था। 26 मार्च 2019 को शिक्षक जमानत पर छूटा है। इसके अलावा कन्नौज में शिक्षक के खिलाफ तीन मुकदमे विचाराधीन हैं।
हलफनामे में आपराधिक इतिहास छिपाकर शिक्षक की नौकरी हासिल की है। ओमशरण ने शिक्षक के खिलाफ जांच कराकर कार्रवाई की मांग की है। सीडीओ ने बीएसए को जांच कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
