मथुरा। परिषदीय प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत सहायक अध्यापकों की पदोन्नति की मांग को लेकर राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ का प्रतिनिधिमंडल जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से मिला। इस मांग को लेकर बीएसए को ज्ञापन दिया। बीएसए ने संगठन को वरिष्ठता सूची तैयार करवाने का आश्वासन दिया।
राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ जिलाध्यक्ष मुकेश शर्मा ने बताया कि बीएसए राजेश सिंह से वर्ष 2016 से जनपद में प्राथमिक विद्यालय में कार्यरत सहायक अध्यापकों को अद्यतन उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में सहायक अध्यापक या प्राथमिक विद्यालयों में प्रधानाध्यापक पद पर पदोन्नति का अवसर नहीं मिला है। शासन द्वारा सभी विभागों में पदोन्नति के निर्देश दिए गए हैं। शासन के आदेश के अनुपालन में शिक्षकों की पदोन्नति के लिए वरिष्ठता सूची तैयार करने की मांग पर बीएसए राजेश सिंह ने शीघ्र ही शिक्षकों की वरिष्ठता सूची तैयार करवाने का आश्वासन दिया है। प्रतिनिधिमंडल में जिला महामंत्री अंजना शर्मा, गोविंद सिंह, सूर्यवीर सिंह यादव, सुरेंद्र पाल सिंह यादव, उमेश कुमार गर्ग, माला रानी, सुनील दुबे, विकास एवं यादव सुमित मल्होत्रा आदि शिक्षक शामिल थे।
