Primary Ka Master Latest Updates👇

Saturday, May 4, 2024

मौसम अलर्ट बिहार: इस बार ज्यादा झुलसाएगी मई

 इस बार ज्यादा झुलसाएगी मई 

नई दिल्ली, एजेंसी। उत्तर भारत के लोगों को इस बार मई की गर्मी कुछ ज्यादा ही झुलसाएगी। मौसम विभाग (आईएमडी) ने बुधवार को इसकी चेतावनी जारी की। विभाग के अनुसार राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र समेत उत्तर भारत के ज्यादातर हिस्सों में मई का अधिकतम तापमान सामान्य से ज्यादा रहने की संभावना है। इसके चलते चार दिनों तक लू के थपेड़ों का सामना करना पड़ सकता है।



आईएमडी प्रमुख मृत्युजंय महापात्र ने बताया कि दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान में अधिकतम तापमान सामान्य से ज्यादा रहने के चलते मई की गर्मी ज्यादा परेशान करेगी। पूर्वी मध्य प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों, ओडिशा, पश्चिम बंगाल में गंगा के मैदानी इलाकों, झारखंड और बिहार समेत अन्य इलाकों में दो से चार दिन तक लू चल सकती है।


आम तौर पर उत्तरी मैदानी इलाकों, मध्य और प्रायद्वीपीय भारत के आसपास के क्षेत्रों में मई में तीन दिन तक ही लू चलती है।


यहां सबसे ज्यादा लूः महापात्रा ने बताया कि इस महीने दक्षिण राजस्थान, पश्चिम मध्य प्रदेश, विदर्भ, मराठवाड़ा और गुजरात में 5-8 दिनों तक लू चलने की संभावना है। लू के दिनों की संख्या सामान्य से अधिक है।


सामान्य बारिश का अनुमानः मौसम विभाग ने बताया कि मई में देशभर में औसतन सामान्य बारिश होने का अनुमान है। 91 से 109 फीसदी तक बारिश हो सकती है। इसके साथ ही विभाग ने बताया कि मध्य प्रदेश, विदर्भ, तेलंगाना और तमिलनाडु में सामान्य से ज्यादा बारिश का अनुमान है। वहीं, दूसरी ओर ओडिशा के कई हिस्से, उत्तर छत्तीसगढ़, झारखंड, दक्षिणी पश्चिम बंगाल, पूर्वोत्तर के कुछ हिस्से, आंध्र प्रदेश के रायलसीमा और केरल में सामान्य से कम बारिश की आशंका है।

मौसम अलर्ट बिहार: इस बार ज्यादा झुलसाएगी मई Rating: 4.5 Diposkan Oleh: Updatemarts

Social media link