वेतन न मिलने की डीईओ से करें शिकायत
पटना : बीपीएससी से प्रथम और द्वितीय चरण में नियुक्त शिक्षकों को वेतन मिलने में दिक्कत नहीं होगी। जिला शिक्षा कार्यालय ने नए शिक्षकों से कहा कि उनको वेतन मिलने में दिक्कत हो रही है तो जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) को ईमेल कर सकते हैं। जिला शिक्षा पदाधिकारी संजय कुमार ने बताया कि समीक्षा में पाया गया कि बहुत सारे नए शिक्षकों को तकनीकी दिक्कतों के कारण वेतन निर्गत नहीं हो पा रहा है। दिक्कत दूर की जा रही है। जिन नए शिक्षकों को वेतन नहीं मिल पा रहा है वे ईमेल कर इसकी सूचना दे सकते हैं। अभी स्कूल में गर्मी की छुट्टी चल रही है।
शिक्षक प्रतिदिन आठ से 10 से स्कूल में आ रहे हैं। नए शिक्षक स्कूल का कार्य पूरा करने के बाद जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय आकर इसकी शिकायत कर सकते हैं। स्कूल का निरीक्षण करने के बाद कार्यालय पहुंचेंगे निरीक्षणकर्मी जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय ने कहा कि सुबह आठ से 10 बजे तक सभी स्कूल खुले हैं। दो घंटों में निरीक्षण कर्मी को 10 स्कूलों का निरीक्षण करना है। निरीक्षण कर्मी स्कूल का निरीक्षण करने के बाद कार्यालय में रहेंगे और उसकी रिपोर्ट करेंगे। जिला शिक्षा पदाधिकारी ने कहा कि शिकायत आ रही है निरीक्षण कर्मी स्कूल का निरीक्षण करने के बाद दोपहर तक कार्यालय में उपस्थित नहीं रहते हैं।

