पुस्तकों के अभाव में पढ़ाई बाधित
पकड़ियार बाजार । नेबुआ नौरंगिया क्षेत्र में 120 प्राथमिक, 24 उच्च प्राथमिक 24 और 32 कंपोजिट विद्यालय संचालित हैं, लेकिन सितंबर के अंतिम सप्ताह में भी परिषदीय विद्यालयों में बगैर पाठ्य पुस्तक के ही नामांकित बच्चों की पढ़ाई हो रही है।
इससे छात्र-छात्राओं को परेशानी उठानी पड़ रही है। प्राथमिक विद्यालय सौरहा बुजुर्ग द्वितीय में कुल 70 बच्चे नामांकित हैं। इस विद्यालय में दो शिक्षक तैनात हैं, लेकिन बच्चों को पुस्तकें नहीं मिलीं हैं। इस विद्यालय में कक्षा चार में पढ़ने वाली सिद्धू ने कहा कि अभी तक किताब नहीं मिली है।
कक्षा चार में ही पढ़ने वाला छात्र पवन का कहना था कि नई किताबें नहीं मिली हैं। इसलिए पुरानी किताबों से काम चल रहा है। प्रधानाध्यापक दिव्यप्रकाश चौरसिया ने बताया कि विभाग के लोग ही पुस्तक उपलब्ध कराएंगे। प्राथमिक विद्यालय मोतीपुर में 98 बच्चे नामांकित हैं।
इस विद्यालय पर भी बच्चे बगैर पाठ्य पुस्तक के ही पढ़ते हैं। कक्षा पांच के छात्र सुधीर ने बताया कि किताबें नहीं हैं। इसलिए जो बोर्ड पर अध्यापक की तरफ से लिखा जाता है, उसे कॉपी पर लिखकर पढ़ते हैं। कक्षा दो की रागिनी ने बताया कि सिर्फ कॉपी से ही पढ़ रहे हैं। प्रधानाध्यापक मुहम्मद इब्राहिम ने बताया कि विभाग की तरफ से किताबें आने की प्रतीक्षा की जा रही है। प्राथमिक विद्यालय कलवारीपट्टी में 187 बच्चे नामांकित हैं।
यहां भी पुस्तकें नहीं पहुंची हैं। यही हाल उच्च प्राथमिक विद्यालय कलवारीपट्टी का है। इस विद्यालय में 118 बच्चे हैं, लेकिन यहां भी बगैर पाठ्य पुस्तक के ही पढ़ाई कराने के लिए अध्यापक विवश हैं। सरकार की ओर से विद्यालयों में निशुल्क वितरित करने के लिए। किताबें तो बीईओ कार्यालय में पहुंची हैं, लेकिन कम पुस्तकें होने से वितरण करने में भी समस्या उत्पन्न हो रही है।
बीईओ अजय तिवारी ने बताया कि विभाग की तरफ प्राप्त पुस्तकों का मिलान किया जा रहा है। शीघ्र ही सभी विद्यालयों में पुस्तकें उपलब्ध करा दी जाएंगी।

