शिक्षकों की पदोन्नति प्रक्रिया जल्द पूर्ण की जाये , राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ मिला बीएसए से
शाहजहाँपुर। राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ का प्रतिनिधिमंडल जिलाध्यक्ष व मण्डल अध्यक्ष धर्मेन्द्र कुमार शर्मा के नेतृत्व में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, से मिला। जिलाध्यक्ष ने बीएसए को बताया कि विभाग द्वारा प्रति सेवा वर्ष शिक्षकों को एक उपार्जित अवकाश देय है, जिसका अंकन मानव सम्पदा पोर्टल पर होना चाहिए किन्तु जनपद में अभी तक किसी भी शिक्षक के अवकाश लेखा में अवकाश का अंकन नहीं किया गया है, सभी शिक्षकों के मानव सम्पदा आईडी पर उपार्जित अवकाश का अंकन कराया जाए। महामंत्री महेन्द्र सिंह ने शिक्षिकाओं के बाल्यकाल सम्बंधित समस्या रखते हुए कहा कि शिक्षिकाओं को तीन जीवित बच्चे होने की स्थिति में सबसे बड़े दो बच्चों पर बाल्यकाल अवकाश देने का प्रावधान है, किन्तु अपने जनपद में स्थिति में बाल्यकाल अवकाश स्वीकृत नहीं किया जा रहा है। ऐसी शिक्षिकाओं को अवकाश प्रदान किया जाए।
संगठन मंत्री अंकुर त्रिपाठी ने बताया कि पिछले कई वर्षों से शिक्षकों की पदोन्नति नहीं की गयी है, पदोन्नति की प्रक्रिया पूर्ण की जाए एवं शिक्षकों की वरिष्ठता सूची भी जारी की जाए। जिला कोषाध यक्ष अवधेश मैथिल ने कहा कि ६६००० भर्ती में चयनित लगभग सभी शिक्षकों का वेतन मिलना प्रारम्भ हो चुका है, सभी का आफलाइन सत्यापन जल्द पूर्ण करा लिया जाए जिससे इन शिक्षकों का एरियर जल्द मिल सके। जनपद में जिन शिक्षकों को प्रोन्नत हुए दस वर्ष पूर्ण हो चुके हैं उनका चयन वेतनमान शीघ्र लगा दिया जाए।
बीएसए द्वारा महासंघ को आश्वास्त कराया गया कि जल्द ही सभी शिक्षक समस्याओं का समाधान कर दिया जाएगा। प्रतिनिधिमंडल में जिला मीडिया प्रभारी श्रेयश चंद्र सक्सेना, जिला उपाध्यक्ष राकेश कुमार उपाध्याय, भावलखेड़ा ब्लाक अध्यक्ष वीरपाल सिंह, ददरौल ब्लाक अध्यक्ष संतोष अवस्थी, पुवायां अध्यक्ष रमेश शुक्ला, निगोही क्रांति कुमार सिंह, कटरा खुदागंज अध्यक्ष संतोष सिंह, सह संगठन मंत्री उपेन्द्र गुप्ता, सयुंक्त मंत्री अमित गुप्ता, जिला कार्यकारिणी सदस्य आदित्य सिंह, विनीत गंगवार, अमित भटनागर समेत तमाम पदाधि कारी उपस्थित रहे।

