Primary Ka Master Latest Updates👇

Thursday, August 20, 2026

रिटायर्ड शिक्षिका से रिश्वत लेते जेडी कार्यालय का बाबू गिरफ्तार, 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप

 रिटायर्ड शिक्षिका से रिश्वत लेते जेडी कार्यालय का बाबू गिरफ्तार, 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप

गोरखपुर। संयुक्त शिक्षा निदेशक (जेडी) कार्यालय में एंटी करप्शन टीम ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पटल सहायक को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान शहनवाज आलम के रूप में हुई है।




जानकारी के अनुसार, रामगढ़ताल क्षेत्र की गौतम विहार कॉलोनी निवासी सेवानिवृत्त शिक्षिका दिव्या पांडेय ने 14 अगस्त को एंटी करप्शन थाना प्रभारी को शिकायत दी थी। उन्होंने बताया कि उनकी मां सरोज दूबे राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, हाटा, कुशीनगर में प्रवक्ता और प्रभारी प्रधानाचार्य के पद पर कार्यरत थीं तथा 31 मार्च 2026 को सेवानिवृत्त हुई थीं।


शिकायत के मुताबिक, सेवानिवृत्ति के बाद जीपीएफ, पेंशन समेत अन्य देयकों का भुगतान होना था। करीब 300 दिनों के अवकाश नकदीकरण की लगभग 15 लाख रुपये की राशि का भुगतान भी लंबित था। संबंधित प्रकरण संयुक्त शिक्षा निदेशक कार्यालय में पटल सहायक शहनवाज आलम के पास लंबित था।


10 हजार रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप

आरोप है कि प्रकरण आगे बढ़ाने और भुगतान कराने के एवज में शहनवाज आलम ने शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की। इसके बाद शिकायतकर्ता ने एंटी करप्शन टीम से संपर्क किया।


शिकायत की जांच के बाद आरोप सही मिलने पर एंटी करप्शन टीम ने बुधवार को ट्रैप की कार्रवाई की। करीब दोपहर 1:19 बजे जेडी कार्यालय पहुंची टीम ने शिकायतकर्ता को आरोपी के पास भेजा। जैसे ही शहनवाज आलम ने 10 हजार रुपये लिए, टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया।


शिक्षा विभाग में मचा हड़कंप

कार्रवाई की खबर फैलते ही संयुक्त शिक्षा निदेशक कार्यालय सहित शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया। आरोपी की गिरफ्तारी की खबर मिलते ही अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच चर्चाओं का दौर शुरू हो गया।


एंटी करप्शन टीम ने आरोपी के खिलाफ संबंधित थाने में कार्रवाई शुरू कर दी है। खबर के अनुसार, रिश्वत की रकम बरामद होने के बाद आरोपी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

रिटायर्ड शिक्षिका से रिश्वत लेते जेडी कार्यालय का बाबू गिरफ्तार, 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप Rating: 4.5 Diposkan Oleh: Primary ka school

Social media link