सर्वोदय विद्यालयों में रहेंगी शिकायत पेटिकाएं, अधिकारी बच्चों से करेंगे सीधा संवाद
लखनऊ। समाज कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने विभागीय अधिकारियों को प्रदेश के सभी जिलों में जाकर सर्वोदय विद्यालयों के बच्चों से संवाद करने के निर्देश दिए हैं। इस दौरान विद्यालयों में शिकायत पेटिकाएं भी रखी जाएंगी, जिनमें बच्चे अपनी समस्याएं और शिकायतें दर्ज कर सकेंगे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, संबंधित अधिकारी विद्यालयों में ही रात्रि विश्राम करेंगे। इस दौरान बच्चों से बातचीत कर उनकी समस्याओं, शिकायतों और विद्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लिया जाएगा। शिकायत पेटिकाओं में प्राप्त शिकायतों को मुख्यालय लाकर खोला जाएगा और उनके निस्तारण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
अधिकारियों को 25 अगस्त तक रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं। सूत्रों के मुताबिक, समाज कल्याण मंत्री और प्रमुख सचिव, समाज कल्याण भी एक-एक जिले में विद्यालयों का दौरा करेंगे।
दौरे के दौरान अधिकारी बच्चों की शिकायतें सुनने के साथ-साथ विद्यालयों में मौजूद खामियों का भी पता लगाएंगे। बच्चों की समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक सुझाव भी दिए जाएंगे।
इस पहल का उद्देश्य सर्वोदय विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों की समस्याओं को सीधे उनसे जानना और उनकी शिकायतों का प्रभावी तरीके से समाधान करना है।

