पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर केंद्रीय कर्मचारियों ने किया प्रदर्शन
लखनऊ। पुरानी पेंशन योजना (OPS) बहाल करने की मांग को लेकर बुधवार को प्रदेश के विभिन्न केंद्रीय सरकारी कार्यालयों में कर्मचारियों ने भोजनावकाश के दौरान प्रदर्शन किया। केंद्रीय सरकारी कर्मचारी एवं श्रमिक परिसंघ, नई दिल्ली के आह्वान पर प्रदेश के कई जिलों में कर्मचारियों ने एकजुट होकर अपनी मांग उठाई।
लखनऊ, कानपुर, बरेली, प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर, अयोध्या, हल्द्वानी, मुरादाबाद, देहरादून, गाजियाबाद, मेरठ, आगरा, झांसी, अलीगढ़, रामपुर, संभल, रायबरेली, हरदोई और लखीमपुर समेत विभिन्न जिला एवं मंडल मुख्यालयों पर सभाएं की गईं।
पुरानी पेंशन बहाली की मांग
प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर एक जनवरी 2004 या उसके बाद सेवा में आए सभी केंद्रीय कर्मचारियों के लिए राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली (NPS) और एकीकृत पेंशन योजना (UPS) को समाप्त कर पुरानी पेंशन योजना बहाल करने की मांग की।
प्रदेश महासचिव रविंद्र कुमार सिंह ने कहा कि पुरानी पेंशन कर्मचारियों का अधिकार है और इसकी बहाली के लिए संघर्ष जारी रहेगा।
आंदोलन जारी रखने का ऐलान
कार्यक्रम में परिसंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष एमबी यादव, प्रदेश अध्यक्ष सुभाष चंद्र पांडेय समेत अन्य पदाधिकारियों ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कर्मचारी नेताओं ने स्पष्ट किया कि पुरानी पेंशन की मांग को लेकर आंदोलन आगे भी जारी रखा जाएगा।
कर्मचारियों का कहना है कि सेवानिवृत्ति के बाद आर्थिक सुरक्षा के लिए पुरानी पेंशन व्यवस्था को बहाल किया जाना आवश्यक है।
