Primary Ka Master Latest Updates👇

Thursday, August 20, 2026

प्रदेश को छह जोन में बांटकर होगी पढ़ाई और परीक्षा की निगरानी

प्रदेश को छह जोन में बांटकर होगी पढ़ाई और परीक्षा की निगरानी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में प्रवेश, पढ़ाई, परीक्षा और परिणाम की निगरानी अब छह जोन के माध्यम से की जाएगी। उच्च शिक्षा विभाग ने शैक्षणिक व्यवस्था की निगरानी को मजबूत करने के लिए प्रदेश के विश्वविद्यालयों और कॉलेजों को छह जोन में बांटने का निर्णय लिया है।



प्रत्येक जोन के लिए विशेष सचिव और संयुक्त सचिव स्तर के अधिकारी नोडल अधिकारी बनाए जाएंगे। नोडल अधिकारी हर महीने अपने जोन से संबंधित रिपोर्ट लेंगे और उच्च स्तर पर समीक्षा कराएंगे।


विश्वविद्यालय और कॉलेज स्तर पर भी नोडल अधिकारी



शासन स्तर के अलावा विश्वविद्यालय और कॉलेज स्तर पर भी नोडल अधिकारियों की तैनाती की जाएगी। विश्वविद्यालय अपने नोडल अधिकारी से संबद्ध कॉलेजों से रिपोर्ट प्राप्त करेंगे और इसे विभाग को उपलब्ध कराएंगे।


राजकीय कॉलेजों में भी एक-एक नोडल अधिकारी नियुक्त किए जाने की तैयारी है। इन अधिकारियों की रिपोर्ट के आधार पर शैक्षणिक व्यवस्था में सुधार के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।


प्रवेश से परिणाम तक होगी निगरानी

उच्च शिक्षा विभाग हाल में परीक्षाओं में नाराजगी जताए जाने के बाद व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए निगरानी बढ़ा रहा है। प्रवेश, पढ़ाई, परीक्षा और परिणाम के साथ-साथ शैक्षणिक कैलेंडर के अनुपालन पर भी नजर रखी जाएगी।


नोडल अधिकारी यह देखेंगे कि विश्वविद्यालय और कॉलेज स्तर पर निर्धारित शैक्षणिक गतिविधियां समय से संचालित हो रही हैं या नहीं। कमियां सामने आने पर शासन स्तर पर बैठक कर उनके समाधान का प्रयास किया जाएगा।


आईटीआई को आधुनिक कौशल व रोजगार का हब बनाने पर जोर

इसी बीच प्रदेश की आईटीआई को आधुनिक तकनीक और उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप विकसित करने पर भी जोर दिया जा रहा है। बुधवार को प्रशिक्षण निदेशालय का निरीक्षण करते हुए मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने प्रशिक्षण व्यवस्था और युवाओं को रोजगार से जोड़ने की तैयारियों की समीक्षा की।


मंत्री ने कहा कि युवाओं के सीखने का तरीका तेजी से बदल रहा है। डिजिटल माध्यमों और नई तकनीकों के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए कौशल प्रशिक्षण को आधुनिक, तकनीक आधारित और रोजगारपरक बनाना जरूरी है।


अधिकारियों को डिजिटल लर्निंग और आधुनिक तकनीक के प्रशिक्षण को बढ़ावा देने के निर्देश दिए गए। साथ ही आईटीआई और अन्य तकनीकी संस्थानों की सुविधाओं का अधिकतम उपयोग करने तथा स्कूल-कॉलेज स्तर पर विद्यार्थियों को आईटीआई की आधुनिक ट्रेडों की जानकारी देने पर भी जोर दिया गया।

प्रदेश को छह जोन में बांटकर होगी पढ़ाई और परीक्षा की निगरानी Rating: 4.5 Diposkan Oleh: UP UPDATEMART

Social media link